ऑपरेशन शंखनाद के अंतर्गत जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही : एक साथ 17 गौ-वंश बरामद, एक आरोपी भेजा गया जेल, 9 गौ-वंशों से भरी पिक-अप भी की गई जप्त, की जा रही फरार आरोपियों की पतासाजी.

ऑपरेशन शंखनाद के अंतर्गत जशपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही : एक साथ 17 गौ-वंश बरामद, एक आरोपी भेजा गया जेल, 9 गौ-वंशों से भरी पिक-अप भी की गई जप्त, की जा रही फरार आरोपियों की पतासाजी.

पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के  दिशा निर्देश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जशपुर पुलिस द्वारा जिले में गौवंश तस्करी एवं पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत थाना सिटी कोतवाली जशपुर एवं थाना लोदाम क्षेत्र में पुलिस द्वारा अलग-अलग कार्यवाही करते हुए कुल 17 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है।

जानकारी के अनुसार थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 23.09.2026 को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति ग्राम छोटा बनई के जंगल के रास्ते भारी मात्रा में गौवंशों को पैदल हांककर मारते पीटते हुए ले जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस के द्वारा सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी एवं कार्यवाही की गई। पुलिस ने मौके से 08 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया। मौके पर पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया, पूछताछ पर उसने अपना नाम  अजय नगेशिया उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम कुंडिग महुआ टोली, थाना लोदाम, जिला जशपुर का रहने वाला बताया, पुलिस के द्वारा जब उससे गौ वंशों से संबंधित वैध दस्तावेज की मांग की गई तो उसके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिया जा सका।

आरोपी के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इसी प्रकार थाना लोदाम क्षेत्रांतर्गत मामले में दिनांक 23.09.2026 की रात्रि करीबन 12:30 बजे लोदाम पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक JH-05-DD-7297 में भारी मात्रा में गौ-वंशों को भरा गया है, जिसे कि जशपुर की ओर से पतराटोली होते हुए झारखंड राज्य की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना लोदाम पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, तत्काल ग्राम भलमंडा के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान जशपुर की ओर से संदिग्ध पिक-अप वाहन आता दिखाई देने पर, पुलिस टीम के द्वारा उसे रोकने का प्रयास किया गया, परंतु संदिग्ध पिक-अप वाहन का चालक पुलिस को देख वाहन को न रोककर तेजी से पिक-अप को जामटोली रास्ते की ओर भगाने लगा, पुलिस की टीम के द्वारा उक्त संदिग्ध पिक-अप वाहन का पीछा किया जा रहा था, इसी दौरान जामटोली रास्ते के जंगल किनारे उक्त संदिग्ध वाहन का चालक पिक-अप वाहन को छोड़कर जंगल व अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।

पुलिस के द्वारा पिक-अप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें ठूंस-ठूंसकर 09 नग गौ-वंश भरे हुए मिले। इनमें से 02 नग गौवंशों की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस द्वारा बरामद गौवंशों का मौके पर आवश्यक कार्यवाही करते हुए पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। घटना में प्रयुक्त पिक-अप वाहन को पुलिस द्वारा विधिवत जप्त किया गया है। पुलिस के द्वारा फरार आरोपियों की पता साजी की जा रही है। जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।

दोनों मामलों में पुलिस के द्वारा संबंधित थानों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Crime Jashpur