स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत थीम के साथ बिलासपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का शुभारंभ
स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के माध्यम से रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों ने जाना स्वच्छता, जल संरक्षण एवं अपशिष्ट प्रबंधन का महत्व
बिलासपुर : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल में “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत” थीम पर ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान स्वच्छता के साथ-साथ जनजागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोचिंग डिपो एवं रेलवे स्कूलों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में अभियान के प्रथम दिन 17 सितम्बर 2026 को रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों के लिए ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस ज्ञान यात्रा के अंतर्गत विद्यार्थियों को रेलवे परिसर में स्थित कोच वॉशिंग लाइन, वॉटर रीसाइक्लिंग प्लांट एवं बायो टॉयलेट प्लांट का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने इन आधुनिक सुविधाओं की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखा और रेलवे द्वारा स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनाई जा रही तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि कोचों की सफाई में जल के विवेकपूर्ण उपयोग के साथ-साथ जल पुनर्चक्रण एवं पुनः उपयोग के लिए किस प्रकार की व्यवस्थाएं की गई हैं। वॉटर रीसाइक्लिंग प्लांट में उपयोग किए गए पानी के उपचार तथा उसे पुनः उपयोग में लाने की प्रक्रिया को विद्यार्थियों ने समझा। वहीं, बायो टॉयलेट प्लांट के माध्यम से जैविक तकनीक द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व से भी उन्हें अवगत कराया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सोर्स सेग्रीगेशन, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, जल संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि गीले एवं सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग रखना, कचरे का उचित निस्तारण करना, पानी की बर्बादी रोकना तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना जैसी छोटी-छोटी आदतें स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण की व्यावहारिक प्रक्रियाओं से जोड़ना रहा। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने रेलवे में अपनाई जा रही जल संरक्षण, जल पुनर्चक्रण, अपशिष्ट प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की आधुनिक व्यवस्थाओं को करीब से जाना।
बिलासपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक एवं सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।


