सुगम एवं सुरक्षित यातायात हेतु रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा विशेष अतिक्रमण कार्यवाही अभियान
नगर निगम की टीम प्रहरी के साथ मिलकर शहरभर में ताबड़तोड़ कार्यवाही
कोतवाली चौक–जयस्तंभ चौक एवं लोधीपारा–मंडी गेट मार्ग पर अतिक्रमण मुक्त अभियान; जप्ती, जुर्माना और बुलडोजर कार्यवाही
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट का अतिक्रमण के विरुद्ध महाअभियान निरंतर जारी
रायपुर : शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने तथा आगामी गणेश चतुर्थी पर्व के दौरान यातायात दबाव को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन एवं डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस एवं नगर पालिक निगम की टीम प्रहरी द्वारा वृहद स्तर पर संयुक्त अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है।
विभिन्न मार्गों पर की गई प्रभावी कार्यवाहियों का विवरण:
कोतवाली चौक से मालवीय रोड होकर जयस्तंभ चौक:
इसी क्रम में नगर निगम की ‘टीम प्रहरी’ के साथ लगातार दो दिवस संयुक्त कार्यवाही की गई। इस दौरान सड़क व फुटपाथ बाधित करने वाले 50 से अधिक दुकानदारों पर कार्यवाही करते हुए 04 ठेला, 12 टेबल, 15 कपड़ा स्टैंड, 05 फ्लेक्स बोर्ड और तिरपाल स्टैंड जब्त किए गए तथा ₹4,000 का अर्थदंड वसूला गया।
लोधीपारा चौक से मंडी गेट मार्ग: आगामी गणेश चतुर्थी के दृष्टिगत मार्ग पर किए गए 03 अवैध अस्थाई अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त किया गया एवं 11 दुकानों की अवैध प्रचार सामग्री जब्त की गई। कार्यवाही के उपरांत मार्ग पर जाम की समस्या समाप्त हुई और यातायात पूरी तरह सुचारू हुआ।
यातायात पुलिस व नगर निगम द्वारा यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर सभी व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील करती है कि सड़क, फुटपाथ और डिवाइडर पर सामान अथवा प्रचार सामग्री रखकर यातायात अवरुद्ध न करें तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें।


