नो-एंट्री में चोरी-छिपे प्रवेश करने वाले भारी मालवाहक वाहनों पर यातायात पुलिस की प्रभावी कार्यवाही
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध भी विशेष अभियान; क्रेन एवं टोइंग वाहनों से हटाकर किया गया मार्ग सुगम
प्रतिबंधित समय एवं मार्ग में प्रवेश करने वाले 07 भारी मालवाहक वाहनों तथा अवैध पार्किंग करने वालों पर चालानी कार्यवाही
रायपुर : रायपुर शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निर्धारित नो-एंट्री नियमों की अवहेलना करने वाले भारी वाहनों और प्रमुख मार्गों पर नो-पार्किंग में वाहन खड़े कर जाम की स्थिति निर्मित करने वालों पर एक साथ प्रभावी कार्यवाही की गई।
नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले 07 भारी वाहन जब्त
भारी मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश हेतु समय व मार्ग निर्धारित होने के बावजूद कुछ चालक प्रतिबंधित समय में मुख्य मार्गों व अंदरूनी क्षेत्रों में चोरी-छिपे प्रवेश कर रहे थे। इससे मार्गों पर दबाव बढ़ने के साथ सड़क सुरक्षा भी प्रभावित हो रही थी जिस हेतु तेलीबांधा एवं पचपेढ़ी नाका थाना क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई। जांच के दौरान नो-एंट्री के प्रतिबंधित समय व मार्गों पर प्रवेश करने वाले 07 भारी मालवाहक वाहनों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई तथा चालकों को नियमों के कड़ाई से पालन की समझाइश दी गई।
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर त्वरित कार्यवाही
यातायात के निर्बाध प्रवाह को सुनिश्चित करने हेतु प्रमुख बाजारों, व्यस्ततम चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर अवैध व नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया गया। सड़क बाधित कर अव्यवस्थित ढंग से पार्क किए गए दोपहिया व चारपहिया वाहनों को यातायात पुलिस की टीम द्वारा क्रेन/टोइंग वाहनों के माध्यम से हटवाकर यातायात थाना परिसर भेजा गया। नियमों की अनदेखी करने वाले ऐसे वाहन चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही कर जुर्माना अधिरोपित किया गया।
भारी वाहनों के लिए निर्धारित प्रवेश समय
आम नागरिकों की सुविधा एवं शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात को सुचारू बनाए रखने हेतु पुलिस कमिश्नर रायपुर द्वारा रिंग रोड के अंदरूनी मार्गों एवं प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश हेतु समय निर्धारित किया गया है।
प्रवेश की अनुमति: केवल रात्रि 12:00 बजे से प्रातः 05:00 बजे तक,इसके अतिरिक्त अन्य किसी भी समय भारी मालवाहक वाहनों का शहर के अंदर प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
नियम उल्लंघनकर्ताओं पर निरंतर जारी रहेगी नजर
यातायात पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों तथा सड़कों एवं फुटपाथों पर नो-पार्किंग में गाड़ियां खड़ी कर बाधा उत्पन्न करने वालों पर सीसीटीवी एवं फील्ड टीमों के माध्यम से पैनी नजर रखी जा रही है।शहर के सभी प्रमुख चौराहों व संवेदनशील मार्गों पर यह सघन जांच अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
वाहन चालकों, व्यवसायियों एवं परिवहन संचालकों से अपील
यातायात पुलिस रायपुर सभी भारी वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों एवं वाहन स्वामियों से अपील करती है कि वे निर्धारित नो-एंट्री समय-सीमा का अक्षरशः पालन करें और प्रतिबंधित समय में प्रवेश हेतु किसी वैकल्पिक मार्ग का सहारा न लें। साथ ही आम नागरिकों एवं व्यवसायियों से अनुरोध है कि अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, सड़कों व नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहन पार्क कर आवागमन बाधित न करें। यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और सुव्यवस्थित रायपुर के निर्माण में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।


