नारायणपुर में साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस का जागरूकता वार! स्कूल-कॉलेजों में पहुंचा ‘साइबर जागृति अभियान’, विद्यार्थियों को OTP-PIN से लेकर फर्जी लिंक तक के खतरों से किया अलर्ट

नारायणपुर में साइबर ठगों के खिलाफ पुलिस का जागरूकता वार! स्कूल-कॉलेजों में पहुंचा ‘साइबर जागृति अभियान’, विद्यार्थियों को OTP-PIN से लेकर फर्जी लिंक तक के खतरों से किया अलर्ट

साइबर जागृति अभियान के तहत जिलेभर के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

नारायणपुर : छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित “साइबर जागृति अभियान” के तहत नारायणपुर जिले में साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के प्रथम सप्ताह के अंतर्गत आज दिनांक 18 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में साइबर अपराध, साइबर ठगी एवं डिजिटल सुरक्षा के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

थाना एड़का अंतर्गत ग्राम इरको माध्यमिक शाला, थाना धोड़ाई अंतर्गत कन्हारगांव हाईस्कूल, थाना ओरछा क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के बड़गांव स्कूल एवं प्राथमिक शाला कुम्हारी, थाना कुकड़ाझोर अंतर्गत हाईस्कूल बेलगांव, थाना झाराघाटी अंतर्गत ग्राम कोंगेरा प्राथमिक/माध्यमिक शाला, थाना भरंडा अंतर्गत ग्राम गुरिया शासकीय स्कूल तथा थाना नारायणपुर क्षेत्र अंतर्गत रामोतीन माड़िया शासकीय गर्ल्स कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक अथवा APK फाइल को ओपन नहीं करने, अनजान कॉल एवं फर्जी ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहने तथा सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के संबंध में जानकारी दी गई।

साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को “साइबर जागृति की एक सेल्फी” अभियान में सहभागी बनकर साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में साइबर सुरक्षा को लेकर उत्साह एवं सकारात्मक सहभागिता देखने को मिली। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि डिजिटल दुनिया में सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें।

Chhattisgarh