पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) श्री तारकेश्वर पटेल की सतत् मॉनिटरिंग में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स एवं थाना गंज पुलिस की संयुक्त कार्यवाही.
थाना गंज क्षेत्रांतर्गत तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे मादक पदार्थ एमडीएमए के साथ पकड़ा गया आरोपी को.
आरोपी रामनिवास माचरा है मूलतः राजस्थान का निवासी।
आरोपी के कब्जे से 106.19 ग्राम मादक पदार्थ एमडीएमए तथा प्रकरण से संबंधित 01 आईफोन किया गया है जप्त, जप्त मशरूका की कुल कीमत है लगभग 20 लाख रूपये.
आरोपी के विरूद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 243/26 धारा 22(ग) नारकोटिक एक्ट का अपराध किया गया है पंजीबद्ध.
गिरफ्तार आरोपी से मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लायर, अन्य साथियों एवं सप्लाई नेटवर्क के संबंध में की जा रही है विस्तृत पूछताछ.
प्रकरण में इंड-टू-इंड कार्यवाही एवं विवेचना है जारी.
एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स की टीम द्वारा लगातार की जा रही है मादक पदार्थो के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही.
रायपुर : रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय आरोपी को 106.19 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे दबिश देकर पकड़े गए आरोपी का कनेक्शन राजस्थान से सामने आया है। पुलिस अब उससे एमडीएमए के सप्लायर, खरीद के स्रोत, साथियों और पूरे सप्लाई नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
कमिश्नरेट में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स की टीम द्वारा एनडीपीएस एक्ट के 73 प्रकरणों में कुल 163 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5,47,04,290 /- रूपये (पांच करोड़, सैतालीस लाख, चार हजार, दो सौ नब्बे रूपये) कीमत का गांजा – 588.97 किलोग्राम, ओसियन ग्रो गांजा – 2.5 ग्राम, प्रतिबंधित नशली टेबलेट – 27875, एमडीएमए – 173 ग्राम, पार्टी पिल्स – 08 नग, कोकीन – 4.55 ग्राम, सिरप – 251 शीशी, डोडा – 0.547 ग्राम, हेरोईन(चिट्टा) – 20.740 ग्राम, ब्राउन शुगर – 0.80 ग्राम, अफीम – 71 ग्राम, नगदी – 13,55,830/- रूपये, चारपहिया वाहन – 08 नग, दोपहिया वाहन – 11 नग, मोबाईल फोन – 81 नग, कट्टा – 01 नग, चाकू – 02 नग किया गया है जप्त.
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरूद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 09.08.2026 को एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि थाना गंज क्षेत्रांतर्गत तेलघानी नाका ओवरब्रिज के नीचे बिजली ऑफिस के पास एक व्यक्ति मादक पदार्थ एमडीएमए रखा है तथा बिक्री करने की फिराक में है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) श्री स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) श्री तारकेश्वर पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों को सूचना का सत्यापन कर सूचना सही पाए जाने पर आरोपी को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स एवं थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त स्थान पर पहुंचकर व्यक्ति की पतासाजी प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा मौके पर निगरानी करते हुए मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर व्यक्ति को चिन्हांकित कर घेराबंदी करते हुए पकड़ा गया। पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम रामनिवास माचरा निवासी राजस्थान बताया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी के पास रखे बैग की तलाशी लेने पर उसमें मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद हुआ। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से मादक पदार्थ रखने एवं परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, किंतु आरोपी द्वारा किसी प्रकार का वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया तथा वह पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास करने लगा।
आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 106.19 ग्राम मादक पदार्थ एमडीएमए तथा प्रकरण से संबंधित 01 आईफोन जुमला कीमत लगभग 20 लाख रूपये जप्त कर आरोपी के विरूद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 243/26 धारा 22(ग) नारकोटिक एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी द्वारा बताया गया कि वह मादक पदार्थ एमडीएमए को अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बिक्री करने का कार्य करता है तथा अपने साथियों के कहने पर एमडीएमए की खेप लेकर रायपुर में सप्लाई करने आया था। आरोपी से मादक पदार्थ की खरीदी के स्रोत, सप्लाई करने वाले व्यक्तियों, रायपुर में इसकी सप्लाई प्राप्त करने वाले व्यक्तियों, उसके अन्य साथियों एवं पूरे सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। आरोपी से प्राप्त जानकारी के आधार पर मादक पदार्थ के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं उनकी भूमिका के संबंध में भी जांच की जा रही है।
प्रकरण में इंड-टू-इंड की जा रही है कार्यवाही, विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपी – रामनिवास माचरा पिता भंवरलाल माचरा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम केरला नाडा बिकमकोर थाना मतोडा जिला फलोदी राजस्थान.

