पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने रक्षित आरक्षी केंद्र, नारायणपुर का किया वार्षिक निरीक्षण
आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए जवानों को किया ब्रीफ
अनुशासन, ऑपरेशनल तत्परता एवं सतर्कता बनाए रखने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
नारायणपुर : पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल द्वारा रक्षित आरक्षी केंद्र, नारायणपुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस बल की प्रशासनिक एवं ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लेना तथा आकस्मिक एवं आपातकालीन परिस्थितियों में बल की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा रक्षित आरक्षी केंद्र की विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। संबंधित शाखाओं में संधारित अभिलेखों, दस्तावेजों एवं आवश्यक रजिस्टरों का अवलोकन एवं परीक्षण किया गया तथा उनके व्यवस्थित एवं अद्यतन संधारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने केंद्र की बल उपलब्धता, ड्यूटी व्यवस्था एवं आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल बल की तैनाती से संबंधित तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जवानों को निर्देशित किया कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बलवा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी पर जोर
इस दौरान जवानों को बलवा जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में की जाने वाली कार्रवाई, भीड़ नियंत्रण, बल की तत्परता तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बल को तत्काल उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक ब्रीफिंग दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि ऐसी परिस्थितियों में संयम, अनुशासन एवं आपसी समन्वय के साथ निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में त्वरित निर्णय, पर्याप्त बल की उपलब्धता एवं बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अनुशासन एवं ड्यूटी के प्रति सजगता बनाए रखने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं ड्यूटी के प्रति सजगता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा निर्धारित नियमों एवं विभागीय निर्देशों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
साथ ही जवानों को अपने कर्तव्यों के दौरान सतर्कता, समयबद्धता एवं अनुशासन बनाए रखने तथा किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने रक्षित आरक्षी केंद्र की व्यवस्थाओं एवं पुलिस बल की तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक कमियों को समय पर दूर करने तथा पुलिस बल को हर परिस्थिति में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रखने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान रक्षित निरीक्षक मोहसिन खान सहित रक्षित आरक्षी केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


