जशपुर जिले में मनाया गया धूमधाम से जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव
प्रवेश उत्सव में शिक्षा के महत्व पर दिया गया जोर, नवप्रवेशियों का हुआ सम्मान
जशपुर : जिले के कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में शिक्षा सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्सव के साथ मनाया गया। इसी क्रम में आज जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में श्री सालिक साय, अध्यक्ष जिला पंचायत जशपुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री शंभू नाथ चक्रवर्ती, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड, श्री अरविंद कुमार भगत अध्यक्ष नगर पालिका परिषद जशपुर, श्री गंगाराम भगत अध्यक्ष जनपद पंचायत जशपुर, श्री आलोक सारथी, श्री राजू गुप्ता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, श्री विजय सहाय एवं श्रीमती शैलेन्द्री यादव पार्षद उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा कक्षा पहली, कक्षा छठवीं एवं कक्षा नवमी के छात्र-छात्राओं को तिलक लगाकर, फूल-माला पहनाकर, मुंह मीठा कराकर नई पुस्तक एवं स्कूल यूनिफॉर्म प्रदान कर शिक्षा ग्रहण हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
सेजस हिंदी माध्यम स्कूल की छात्राओं एवं महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय जशपुर की छात्राओं द्वारा शिक्षा पर आधारित गीतों में नृत्य प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि श्री सालिक साय ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने हेतु प्रेरित किया। उपाध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप जीवन उपयोगी शिक्षा ग्रहण करने हेतु गुरुद्रोण, एकलव्य का उदाहरण देते हुए शिक्षा में निरंतरता बनाए रखने की बात कही। विशिष्ट अतिथि श्री अरविंद कुमार भगत ने शिक्षा के विभिन्न सोपानों को प्राप्त करने के बाद शासकीय, निजी एवं राजनीतिक क्षेत्र में मिलने वाली सफलताओं के बारे में बताया। श्री गंगाराम भगत ने बच्चों से शिक्षा के साथ-साथ अभिभावकों का सम्मान करने का आग्रह किया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा ने प्रवेश उत्सव का प्रतिवेदन पठन किया एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में कक्षा 9वीं की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिल का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम का समापन श्री विनय कुमार सिन्हा द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में ए.पी.सी. दीपा गुप्ता, प्रोग्रामर श्री अरुण चंद्रा, श्रीमती कल्पना टोप्पो, विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी जशपुर श्री टुमनू गोस्वामी, ए.बी.ओ जशपुर श्री जयेस टोपनो, व्याख्याता श्री सेतराम पटेल, श्री वीरेंद्र कुमार सिन्हा, श्री गणेश कुमार सिन्हा, श्री राजेश कुमार अम्बष्ट, प्राचार्य सेजस श्रीमती रोजालिया डुंगडुंग, श्री संजय प्रसाद एवं श्री अजय कुमार चौबे का विशेष योगदान रहा।

