स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने सिमड़ा के उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे कलेक्टर श्री व्यास
केंद्र का निरीक्षण कर प्रसव सुविधा, टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड निर्माण की जानकारी ली
गांव के सभी लोगों का आयुष्मान कार्ड निर्माण सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
जशपुर : कलेक्टर रोहित व्यास ने आज दुलदुला क्षेत्र के गांव सिमड़ा में उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य संसाधनों, चिकित्सा सुविधाओं तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तृत जानकारी ली।कलेक्टर ने केंद्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारी की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के नियमित संचालन पर जोर दिया। उन्होंने महीनेभर में केंद्र में होने वाले संस्थागत प्रसव की संख्या की भी जानकारी ली तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रसव सुविधा, दवा वितरण व्यवस्था, टीकाकरण अभियान, हीमोग्लोबिन जांच एवं मलेरिया जांच किट की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी अवलोकन किया और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को अधिक से अधिक प्रोत्साहित किया जाए, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गांव में आयुष्मान कार्ड निर्माण का कार्य सैचुरेशन मोड में चलाया जाए और शत-प्रतिशत पात्र लोगों का कार्ड बनाया जाए, ताकि जरूरतमंद ग्रामीणों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनने से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता मिलेगी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम कुनकुरी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

