जंगलों के बीच उग रही थी नशे की फसल! लैलूंगा के नवीन घाटगांव में पोस्ता की अवैध खेती का भंडाफोड़, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में 2 गिरफ्तार

जंगलों के बीच उग रही थी नशे की फसल! लैलूंगा के नवीन घाटगांव में पोस्ता की अवैध खेती का भंडाफोड़, पुलिस-प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में 2 गिरफ्तार

रायगढ़ : लैलूंगा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब थाना लैलूंगा को ग्राम नवीन घाटगांव में अवैध रूप से पोस्ता (poppy) की खेती किए जाने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एसडीएम, तहसीलदार और कृषि विभाग की संयुक्त टीम के साथ मौके पर दबिश दी।

जैसे ही टीम खेत पर पहुंची, वहां पोस्ता के हरे-भरे पौधे लहलहाते हुए मिले, जिसे देखकर अधिकारी भी चौंक गए। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि यह खेती पूरी तरह अवैध रूप से की जा रही थी। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी फसल को उखाड़कर नष्ट किया गया और आवश्यक साक्ष्य जप्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान मौके से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान साधराम नागवंशी (60 वर्ष) और अभिमन्यु नागवंशी (20 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम नवीन घाटगांव के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अब इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध पोस्ता खेती के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका नेटवर्क कितना बड़ा है और इसका उद्देश्य क्या था। साथ ही, क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए लगातार निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश: नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी अवैध कार्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जानकारी पृथक से जारी की जाएगी।

Crime