रायपुर/बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कार्मिक विभाग द्वारा ‘एक महीना–एक सेमिनार’ पहल के अंतर्गत 18वें सेमिनार का आयोजन आज दिनांक 12.03.2026 को गुंजन सभागृह, नागपुर में किया गया। इस सेमिनार का विषय “श्रम संहिताएं (केन्द्रीय नियम) 2025” रखा गया था।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक/नागपुर श्री दीपक कुमार गुप्ता के उद्घाटन भाषण से हुई। उन्होंने अपने संबोधन में कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर जागरूकता और संवाद को महत्वपूर्ण बताते हुए इस प्रकार के सेमिनारों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित श्री प्रशांत पजाई, क्षेत्रीय श्रम आयुक्त/नागपुर ने “श्रम संहिताएं (केन्द्रीय नियम) 2025” के प्रावधानों की सरल एवं सहज तरीके से विस्तृत व्याख्या की। उन्होंने बताया कि श्रम संहिताओं का उद्देश्य वेतन, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक संबंधों तथा कार्यस्थल की परिस्थितियों में सुधार लाना, पारदर्शिता बढ़ाना और कर्मचारियों को बेहतर सुरक्षा प्रदान करना है।
कार्यक्रम के दौरान श्री उदय कुमार भारती, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी/नागपुर ने अतिथि वक्ता का स्वागत किया तथा श्रम संहिताओं पर उनके द्वारा दी गई विस्तृत एवं उपयोगी जानकारी की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्री राजेश चिखले, अपर मंडल रेल प्रबंधक/नागपुर सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन श्रीमती स्वेता एच. के. छोरिया, मंडल कार्मिक अधिकारी/नागपुर द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

