थाना गांधीनगर एवं डायल 112 की टीम द्वारा गुम बालक को सरगवां से किया गया बरामद.
घर से बिना बताये निकल जाने एवं घर का पत्ता नहीं बता पाने के कारण गुम हुआ था नाबालिग बालक.
डायल 112 की पुलिस टीम ने मामले की सूचना प्राप्त होने पर की त्वरित कार्यवाही.
नाबालिग बालक को सही सलामत बरामद कर परिजनों को किया गया सुपुर्द, परिजनों ने सरगुजा पुलिस का जताया आभार.
अंबिकापुर : अंबिकापुर में थाना गांधीनगर पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई से एक गुम नाबालिग बालक को महज कुछ ही घंटों के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। थाना गांधीनगर और डायल 112 की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए सरगवां क्षेत्र से बालक को खोज निकाला और सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से जहां परिवार ने राहत की सांस ली, वहीं सरगुजा पुलिस की सराहना भी की।
मामले का विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थिया द्वारा दिनांक 08 मार्च 2026 को थाना गांधीनगर आकर रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि प्रार्थिया का बड़ा लड़का आज़ दिनांक को अपने नानी के साथ घर में था, उसी समय नाबालिग बालक बिना किसी को बताये घर से निकल कर कहीं चल गया है। नाबालिग लड़के का आस-पड़ोस में पत्ता तलाश किया गया जो पत्ता नहीं चला, प्रार्थिया द्वारा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग बालक को बहला फुसला कर ले जाने की शिकायत दर्ज कराने पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 133/26 धारा 137(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मामले को संज्ञान में लेकर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा श्री राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा पुलिस टीम को मामले में त्वरित कार्यवाही कर गुम नाबालिग को दस्तायाब करने के दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में थाना गांधीनगर पुलिस टीम एवं डायल 112 की टीम को मामले की इवेंट प्राप्त होने पर नाबालिग बालक का संवेदनशीलता के साथ पत्ता तलाश किया जा रहा था।
संयुक्त टीम के प्रयास से नाबालिग को सरगवां सकालो महर्षि विद्या मंदिर स्कूल की ओर से चंद घंटे के भीतर सकुशल बरामद किया गया, पुलिस टीम द्वारा नाबालिग बालक को बरामद करते हुए परिजनों को सकुशल सौंपा गया। नाबालिग बालक से पूछताछ किये जाने पर अपने मन से घर से निकल कर चले जाना एवं इस दौरान किसी प्रकार की घटना होना नहीं बताया है, सरगुजा पुलिस की त्वरित कार्यवाही हेतु परिजनों ने पुलिस टीम के प्रति आभार प्रकट किया है।
इस प्रकरण की सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, डीसीसी प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, महिला प्रधान आरक्षक फ़िलोमीना पन्ना, प्रधान आरक्षक संजीव कुमार त्रिपाठी, आरक्षक घनश्याम देवांगन, आरक्षक जगेश्वर मरकाम, आरक्षक अजय कुमार थवाईत, आरक्षक महेन्द्र कुमार सक्रिय, चालक अमित तिर्की रहे।

