कुनकुरी : भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर द्वारा गुरुवार को कुनकुरी स्थित अग्रसेन भवन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, कार्यकर्ता क्षमता विकास तथा आगामी रणनीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला का शुभारंभ जिलाध्यक्ष भरत सिंह द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की तथा परिसर में आयोजित छायाचित्र प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भरत सिंह, प्रशिक्षण कार्यशाला के जिला संयोजक मुकेश शर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सुरेन्द्र बेसरा, प्रशिक्षण वर्ग सदस्य उपेन्द्र यादव, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष नटवर मुंदड़ा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पिंकी गुप्ता, हेमंती यादव, संतोष सिंह, राजकपूर भगत, जशपुर नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत तथा कुनकुरी जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पगुच्छ एवं पुष्पहार से स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल ने किया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि पार्टी समय-समय पर प्रशिक्षण आयोजित कर कार्यकर्ताओं को नई जानकारी और कौशल से सुसज्जित करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के युद्ध में कार्यकर्ता ही सेना होता है और संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने 7 मार्च से 14 अप्रैल के बीच मंडल स्तर पर दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यशालाओं के आयोजन की जानकारी देते हुए कहा कि आवासीय प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को एक साथ रहकर अनुभव साझा करने और संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने का अवसर मिलता है।
बैठक के प्रथम सत्र में प्रशिक्षण योजना के स्वरूप, मंडल स्तर पर तिथियों के निर्धारण तथा वक्ताओं के चयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला स्तर पर 12 विषयों के लिए वक्ताओं के नाम तय किए गए तथा 7 विशेष विषयों के लिए विषय-विशेषज्ञों की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई। इसके बाद विभिन्न सत्रों में पीपीटी नवाचार, पीपीटी पंच परिवर्तन तथा जिज्ञासा समाधान जैसे विषयों पर मंथन हुआ। समापन सत्र में संगठनात्मक दिशा और भविष्य की रणनीति पर विचार रखते हुए बैठक का समापन किया गया।
प्रस्तावित प्रशिक्षण प्रारूप के अनुसार बूथ स्तर पर चार घंटे की कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें दो सत्र होंगे और बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति, शक्ति केंद्र प्रमुख सहित अन्य पदाधिकारी सहभागी होंगे। इसमें बूथ समिति के कार्य, स्थानीय एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति तथा पंच निष्ठाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं मंडल स्तर पर 24 घंटे की विस्तृत प्रशिक्षण श्रृंखला प्रस्तावित है, जिसमें वैचारिक अधिष्ठान, संगठन का इतिहास एवं विकास, कार्य पद्धति, संगठन विस्तार, सोशल मीडिया एवं डिजिटल संवाद, युवा नेतृत्व, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति, गण की बात तथा सांस्कृतिक गतिविधियों जैसे विषय शामिल रहेंगे।
यह प्रशिक्षण महाअभियान संगठन को जमीनी स्तर तक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा आगामी चुनावी और सामाजिक अभियानों के लिए एकजुट रणनीति तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस आयोजन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और प्रतिबद्धता का संचार हुआ है तथा संगठनात्मक संरचना को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

