घर से स्कूल जा रहे शिक्षक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, ट्रक चालक हिरासत मेंसिंगीबहार मेन रोड पर आमने-सामने टक्कर, क्षेत्र में शोक की लहर

घर से स्कूल जा रहे शिक्षक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत, ट्रक चालक हिरासत मेंसिंगीबहार मेन रोड पर आमने-सामने टक्कर, क्षेत्र में शोक की लहर

जशपुर : जिले में बुधवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की मौत हो गई। वे प्रतिदिन की तरह अपने घर से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय फरसाबहार के लिए बाइक से निकले थे। इसी दौरान सिंगीबहार मेन रोड पर उनकी बाइक की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और शिक्षक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक नसीम अंसारी धमधा (रायपुर) से अंडा लोड कर रामगढ़ की ओर जा रहा था। सिंगीबहार के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही तपकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

शिक्षक धनंजय कुमार मिश्रा की असमय मृत्यु से विद्यालय परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। विद्यार्थियों ने उन्हें एक सरल, मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ शिक्षक बताया, जो हमेशा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित रहते थे। ग्रामीणों ने भी उनकी सामाजिक सक्रियता और विनम्र स्वभाव को याद करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।

इस हृदयविदारक घटना ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, वहीं विद्यालय ने एक प्रेरणादायी शिक्षक खो दिया। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Breaking Crime Jashpur