जशपुर : जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, UNICEF, सर्वहितम एवं एग्रीकोन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कलेक्ट्रेट मंत्रणा हाल, जशपुर में “संवाद संस्कार” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं स्वयंसेवकों को सकारात्मक दिशा प्रदान करना, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, समग्र शिक्षा विभाग के डीएमसी नरेंद्र सिन्हा, सर्वहितम फाउंडेशन के स्टेट कोऑर्डिनेटर मनीष तोमर तथा एग्रीकोन फाउंडेशन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर योगेश पुरोहित उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत बगीचा महाविद्यालय के “जय हो” एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा स्वागत गीत के माध्यम से किया गया।
सर्वप्रथम जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता (यूनिसेफ एवं एग्रीकोन) ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधन में स्वयंसेवकों को साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सतर्क एवं सक्रिय रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा यदि सही दिशा में प्रयास करें तो वे न केवल अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं, बल्कि समाज को भी जागरूक और सुरक्षित बना सकते हैं।
जिला कलेक्टर रोहित व्यास ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यूनिसेफ द्वारा संचालित “आज क्या सीखा” कार्यक्रम अत्यंत प्रभावशाली पहल है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी इस विषय को अपने जीवन में अपनाते हैं और अपने बच्चों के साथ इस पर चर्चा करते हैं, जिससे अभिभावक और बच्चों के बीच बेहतर संवाद स्थापित होता है।
एग्रीकोन फाउंडेशन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर योगेश पुरोहित ने “हम होंगे कामयाब – परीक्षा पर चर्चा” विषय पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए बताया कि परीक्षा के समय मानसिक संतुलन बनाए रखना, सकारात्मक सोच रखना और आत्मविश्वास के साथ तैयारी करना सफलता की कुंजी है।
सर्वहितम फाउंडेशन के स्टेट कोऑर्डिनेटर मनीष तोमर ने “आज क्या सीखा” एवं “पढ़ाई का कोना” जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी देते हुए स्वयंसेवकों को प्रेरित किया कि इन पहलों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। पूरे सत्र के दौरान विभिन्न विषयों पर संवाद कर स्वयंसेवकों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन कुनकुरी विकासखंड समन्वयक पंकज यादव ने किया। कार्यक्रम की सफलता में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यूनिसेफ, सर्वहितम, एग्रीकोन, जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता, विकासखंड समन्वयक गुरुदेव प्रसाद, पंकज यादव, दीपक कुमार तथा “जय हो” एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम ने युवाओं में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार किया तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

