रायगढ़ में पीटा एक्ट की तीसरी कार्रवाई : बोईरदादर में देह व्यापार का भंडाफोड़, एसएसपी के निर्देश पर कार्यवाही जारी, चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त रेड, मकान मालिक गिरफ्तार.

रायगढ़ में पीटा एक्ट की तीसरी कार्रवाई : बोईरदादर में देह व्यापार का भंडाफोड़, एसएसपी के निर्देश पर कार्यवाही जारी, चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त रेड, मकान मालिक गिरफ्तार.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में रायगढ़ शहर में अनैतिक देह व्यापार के विरुद्ध सख्त अभियान जारी है। इसी कड़ी में सप्ताह भर के भीतर पीटा एक्ट के तहत लगातार तीसरी प्रभावी कार्रवाई करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में थाना चक्रधरनगर पुलिस ने बोईरदादर क्षेत्र में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है।

श्री सुशांतो बनर्जी, उप पुलिस अधीक्षक-रायगढ़

कल दिनांक 07 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि बोईरदादर में रहने वाले नारायण वैष्णव द्वारा बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए सीएसपी मयंक मिश्रा के निर्देशन में एक पुलिस प्वाइंटर को ग्राहक बना कर भेजा गया। संकेत मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस, साइबर थाना एवं महिला थाना की संयुक्त टीम ने त्वरित घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

रेड के दौरान मकान के भीतर आरोपी नारायण वैष्णव एवं एक संदिग्ध महिला मौजूद मिले। पूछताछ एवं साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी अपने मकान में पैसों का लालच देकर महिलाओं को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार करवाता था तथा स्वयं दलाली और पूरे संचालन का प्रबंधन करता था। कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से ₹2,000/- नकद, 02 मोबाइल फोन (ओप्पो एवं रेडमी) तथा आपत्तिजनक सामग्री जप्त की गई।

आरोपी के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 39/2026 धारा 3, 4, 5 एवं 7 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तार आरोपी – नारायण वैष्णव पिता भुवनेश्वर वैष्णव उम्र 55 वर्ष निवासी बोईरदादर चर्च के पास थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ.

Crime