कुनकुरी : दुलदुला सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में बुधवार को प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर एक संक्षिप्त लेकिन गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद पंचायत दुलदुला के उपाध्यक्ष रविन्द्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं जनपद सदस्य पिंकी गुप्ता एवं भाजयूमो के पूर्व जिला अध्यक्ष अमन शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ पर अस्पताल प्रबंधन द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि रविन्द्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पीएम जनमन योजना ग्रामीण और दुर्गम अंचलों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी। इससे विशेषकर वृद्धजनों, महिलाओं और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अस्पताल आने-जाने की कठिनाइयों से राहत मिलेगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएँ सीधे गाँवों तक पहुँचेंगी, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार की जन-कल्याणकारी सोच को दर्शाती है।
जनपद सदस्य पिंकी गुप्ता ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि जो लोग स्वास्थ्य केन्द्र तक पहुँचने में असमर्थ रहते हैं, उन्हें अब अपने ही ग्राम में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं अमन शर्मा ने केन्द्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की साय सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से अस्पताल स्वयं लोगों के घर तक पहुँचेगा, जिससे समय पर इलाज संभव हो सकेगा और गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर हो पाएगी।
कार्यक्रम में मोबाइल मेडिकल यूनिट टीम के सदस्य प्रमोद सिंह ने योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के अंतर्गत संचालित यह यूनिट दुर्गम, आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों, विशेषकर पीवीटीजी बसाहटों में माह में 24 दिन गांव-गांव जाकर मरीजों की निःशुल्क जाँच एवं उपचार करती है। यूनिट के माध्यम से 25 प्रकार की जाँच, 106 प्रकार की दवाइयाँ, सिकलसेल, टीबी, बीपी, शुगर, प्रसव पूर्व जाँच जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं।
मोबाइल मेडिकल यूनिट पूरी तरह जीपीएस से सुसज्जित है और इसमें आधुनिक चिकित्सा उपकरण जैसे सक्शन मशीन, एक्स-रे मशीन, स्ट्रेचर एवं ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं। प्रत्येक यूनिट में एमबीबीएस डॉक्टर, नर्स, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट/चालक की तैनाती की गई है, जिससे जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार और समय पर रेफरल सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम का संचालन सतीश कुमार भगत द्वारा किया गया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के डॉक्टर मनेश्वर मानिक, डॉक्टर राहुल देव बर्मन, डॉक्टर अभिषेक, अशोक खेस्स सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में पीएम जनमन योजना विशेष रूप से पीवीटीजी समुदायों के लिए वरदान साबित हो रही है, जहाँ 62 से अधिक मोबाइल मेडिकल यूनिटों के माध्यम से सिकलसेल सहित विभिन्न बीमारियों की जाँच एवं उपचार किया जा रहा है। यह योजना वर्ष 2023 में प्रारंभ हुई थी और अब दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुँच को मजबूत आधार प्रदान कर रही है।

