जशपुर को मिली साइबर सुरक्षा की बड़ी ताकत : ऑनलाइन ठगों की अब खैर नहीं ! जशपुर में खुला हाईटेक साइबर थाना, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया साइबर थाना का उद्घाटन.

जशपुर को मिली साइबर सुरक्षा की बड़ी ताकत : ऑनलाइन ठगों की अब खैर नहीं ! जशपुर में खुला हाईटेक साइबर थाना, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया साइबर थाना का उद्घाटन.

प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रायपुर से जिला जशपुर में स्थापित साइबर थाना का वर्चुअली उद्घाटन किया। यह सरगुजा संभाग का दूसरा साइबर थाना है, जिससे संभागीय स्तर पर साइबर अपराधों की जांच एवं नियंत्रण प्रणाली को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री द्वारा आज प्रदेशभर में कुल 08 नवीन साइबर थानों का एक साथ वर्चुअली शुभारंभ किया गया। इसका उद्देश्य साइबर अपराधों की त्वरित जांच, पीड़ितों को शीघ्र न्याय तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर होने वाले अपराधों पर रोक लगाना है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री माननीय श्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक श्री अरुणदेव गौतम, मुख्य सचिव श्री विकास शील सहित राज्य शासन के कई वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े। अधिकारियों ने साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति और आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराध नियंत्रण की आवश्यकता पर विस्तार से विचार साझा किए।

जशपुर नगर में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जनपद अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री कृष्ण कुमार राय, कलेक्टर जशपुर श्री रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि जशपुर जिला झारखंड एवं ओडिशा की सीमाओं से लगा हुआ है, जिससे साइबर अपराधों की संवेदनशीलता और चुनौतियां बढ़ जाती हैं। उन्होंने कहा कि आनलाईन ठगी, फर्जी कॉल बैंकिंग फ्रॉड एवं सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में साइबर थाना की स्थापना जिले के लिए अत्यंत आवश्यक और लाभकारी सिद्ध होगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने कहा कि डिजिटल युग में अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर आम लोगों को ठग रहे हैं। साइबर थाना खुल जाने से अब जिले के नागरिकों को अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए अन्य जिलों या राज्य मुख्यालय पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे पीड़ितों को त्वरित न्याय मिलने की प्रक्रिया तेज होगी।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाना में विशेष रूप से प्रशिक्षित एवं तकनीकी रूप से दक्ष पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है। थाना को आधुनिक तकनीकी संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे आँनलाईन ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, फर्जी वेबसाइट एवं लिंक के माध्यम से होने वाले अपराधों की जांच प्रभावी रूप से की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा आगामी दिनों में गांव-गांव, स्कूलों, कालेज, पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साइबर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। लोगों को बताया जाएगा कि किस प्रकार फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड लिंक और सोशल मीडिया ठगी से बचा जा सकता है।

Jashpur