राष्ट्रीय शिक्षा नीति, अनुसन्धान, प्रकाशन तथा पुस्तकालय समिति द्वारा आयोजन
भारतीय प्रबन्ध संस्थान बंगलूरु के प्राध्यापकों तथा स्प्रिंगर नेचर के प्रमुख सम्पादकों द्वारा विशेषज्ञ व्याख्यान
उद्देश्य: राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं एएसीएसबी अभिलक्ष्यों के अनुरूप शैक्षणिक लेखन एवं प्रकाशन को प्रोत्साहन
रायपुर : भारतीय प्रबन्ध संस्थान रायपुर द्वारा “पाठ्यपुस्तकों एवं संदर्भ ग्रन्थों के लेखन के माध्यम से विद्वत्-पूँजी सृजन” विषय पर पुस्तक लेखन कार्यशाला का आयोजन 29 अक्तूबर 2025 को राष्ट्रीय शिक्षा नीति, अनुसन्धान, प्रकाशन एवं पुस्तकालय समिति के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर मनोजित चट्टोपाध्याय थे। इस कार्यशाला का उद्देश्य प्राध्यापकों एवं शोधकर्ताओं को प्रेरित करना था, ताकि वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा एएसीएसबी प्रत्यायन के सिद्धान्तों के अनुरूप उच्च-कोटि की पाठ्यपुस्तकें, शोधग्रन्थ तथा संदर्भ ग्रन्थों का लेखन कर शैक्षणिक प्रकाशन में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम का शुभारम्भ दीपप्रज्वलन एवं स्वागत-सम्बोधन के साथ हुआ। प्रोफेसर सत्यसीबा दास (डीन, बाह्य सम्बन्ध) ने भारत की उच्च शिक्षा प्रणाली में शैक्षणिक लेखन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शीघ्र ही भारतीय प्रबन्धन संस्थान रायपुर के प्राध्यापकों के ग्रन्थ देश के हवाई अड्डों तथा अन्य प्रतिष्ठित स्थानों पर उपलब्ध होंगे।
भारतीय प्रबन्ध संस्थान रायपुर के कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर संजीव प्रशर ने उद्घाटन-भाषण देते हुए संस्थान द्वारा प्रबन्धन शिक्षा में अनुसन्धान एवं नवोन्मेष को प्रोत्साहन देने सम्बन्धी सतत् प्रयासों पर बल दिया। उन्होंने ऋषि वाल्मीकि तथा श्री हनुमान जी द्वारा दीर्घकालीन लेखन साधना के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि पुस्तक-लेखक की यात्रा एकान्त साधना से आरम्भ होती है, जहाँ विचारों को ग्रन्थ का रूप दिया जाता है। उन्होंने कहा, “भारतीय प्रबन्ध संस्थान रायपुर में हम ज्ञान के प्रसार और शैक्षणिक लेखन की शक्ति में विश्वास रखते हैं। यह कार्यशाला हमारे प्राध्यापकों तथा शोधार्थियों के लिए अपने विचारों एवं विशेषज्ञता को पुस्तकों में रूपान्तरित कर भविष्य की प्रबन्धन शिक्षा को दिशा देने का अवसर है। यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 तथा एएसीएसबी के लक्ष्यों के प्रति हमारे समर्पण को दर्शाता है।”
प्रोफेसर एम. कननधासन ने पुस्तक लेखन की प्रक्रिया पर अपने विचार व्यक्त किए और अनुसन्धान को प्रभावी प्रकाशनों में रूपान्तरित करने से सम्बन्धित महत्वपूर्ण दृष्टिकोण साझा किए। उद्घाटन सत्र का समापन कार्यक्रम निदेशक प्रोफेसर प्रदीप्तरथी पाण्डा द्वारा आभार-प्रदर्शन के साथ हुआ।
प्रथम तकनीकी सत्र का संचालन भारतीय प्रबन्धन संस्थान बंगलूरु के प्रोफेसर सौरव मुखर्जी ने किया। उन्होंने शैक्षणिक लेखन के महत्व, पाठ्यपुस्तकों, शोध-ग्रन्थों, सम्पादित ग्रन्थों तथा व्यवहार-उन्मुख पुस्तकों सहित विभिन्न प्रकाशन रूपों पर विस्तृत चर्चा की। दूसरे सत्र में उन्होंने पाठ्यचर्या-आधारित लेखन तथा एमबीए, कार्यकारी एमबीए तथा पीएचडी कार्यक्रमों के लिए शिक्षण सामग्री के विकास पर प्रकाश डाला।
स्प्रिंगर नेचर की वरिष्ठ सम्पादिका सुश्री नूपुर सिंह ने शैक्षणिक पुस्तकों के विभिन्न स्वरूपों, वैज्ञानिक लेखन की प्रक्रिया तथा प्रकाशन की सर्वोत्तम पद्धतियों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रकाशन-नैतिकता तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के प्रभाव पर भी विचार प्रस्तुत किए। श्री नीरज करंदीकर (स्प्रिंगर नेचर) ने ई-पुस्तकों की आवश्यकता एवं वैश्विक स्तर पर उनके बढ़ते उपयोग पर प्रकाश डाला।
यह पुस्तक लेखन कार्यशाला ज्ञान-विनिमय का एक प्रभावी एवं प्रेरणादायक मंच सिद्ध हुई, जिसने प्रतिभागियों में शैक्षणिक लेखन एवं प्रकाशन की संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में नव-उत्साह उत्पन्न किया।

