बिलासपुर, 19 जून 2025: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत टाटानगर स्टेशन यार्ड में भारी वर्षा के कारण जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके चलते यात्रियों की सुरक्षा और संचालनात्मक कारणों को ध्यान में रखते हुए दिनांक 19 जून 2025 को टाटानगर से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18109, टाटानगर – नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है।
इसी प्रकार, रैक की अनुपलब्धता के कारण दिनांक 20 जून 2025 को बिलासपुर से रवाना होने वाली ट्रेन संख्या 18114, बिलासपुर – टाटानगर एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने गंतव्य की स्थिति की जानकारी रेलवे हेल्पलाइन, एनटीईएस या संबंधित स्टेशन से प्राप्त कर लें।
रेल प्रशासन ने यात्रियों को असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हुए कहा है कि यात्री सुरक्षा सर्वोपरि है और परिस्थितियों के अनुसार ट्रेनों का संचालन सामान्य किए जाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

