विजयादशमी पर सूरजपुर पुलिस ने विधि-विधान से की अस्त्र-शस्त्र एवं शासकीय वाहनों की पूजा-अर्चना
रक्षित केंद्र सूरजपुर में परंपरागत रूप से संपन्न हुआ शस्त्र पूजन, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल सहित अधिकारियों एवं जवानों ने की पूजा-अर्चना
एसपी ने जिले के समस्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों को दी विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएं, जिले के सभी थाना-चौकियों में भी परंपरानुसार हुई शस्त्र पूजा
सूरजपुर : असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक पर्व विजयादशमी के पावन अवसर पर सूरजपुर पुलिस ने अपनी गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए अस्त्र-शस्त्र एवं शासकीय वाहनों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को रक्षित केंद्र सूरजपुर में आयोजित शस्त्र पूजन कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं जवानों ने सहभागिता की।
प्राचीन परंपरा के अनुसार विजयादशमी के अवसर पर देवी अपराजिता एवं मां रणचंडी की आराधना के साथ अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया जाता है। इसी परंपरा के अनुरूप शस्त्रों एवं वाहनों की पूजा-अर्चना कर कर्तव्य, साहस, पराक्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण के संकल्प दोहराया।
पुलिस अधीक्षक ने दीं विजयादशमी की शुभकामनाएं।
रक्षित केंद्र सूरजपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ अस्त्र-शस्त्र तथा शासकीय वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा संपन्न होने के पश्चात विजयादशमी के अवसर पर हर्ष फायर भी किए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पटेल ने जिले के समस्त पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं जिलेवासियों को विजयादशमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने पर्व के इस पावन अवसर पर सभी के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की।
जिले के सभी थाना-चौकियों में भी हुआ शस्त्र पूजन।
विजयादशमी के अवसर पर जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में भी परंपरागत रूप से अस्त्र-शस्त्रों एवं शासकीय वाहनों की पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का, रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी, थाना-चौकी प्रभारी, शस्त्रागार प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

