कुनकुरी में भाजपा ने किया उग्र विरोध: कांग्रेस नेता यू.डी. मिंज के सोशल मीडिया पोस्ट पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग

कुनकुरी में भाजपा ने किया उग्र विरोध: कांग्रेस नेता यू.डी. मिंज के सोशल मीडिया पोस्ट पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग

कुनकुरी, 28 अप्रैल 2025 – भारतीय जनता पार्टी मण्डल कुनकुरी के नेतृत्व में आज कुनकुरी नगर में कांग्रेस के पूर्व विधायक और संसदीय सचिव यू.डी. मिंज के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन यू.डी. मिंज द्वारा फेसबुक पर किए गए कथित देश विरोधी पोस्ट के विरोध में आयोजित किया गया था, जिसने स्थानीय राजनीति में जबरदस्त हलचल मचा दी है।

भाजपा के नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में कुनकुरी विश्राम गृह में एकत्रित हुए और वहां से रैली निकालते हुए कांग्रेसी नेता यू.डी. मिंज के खिलाफ “यू.डी. मिंज मुर्दाबाद” के नारों के साथ पुलिस थाना पहुंचे। भारी नारेबाजी के बीच भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा, जिसमें यू.डी. मिंज पर देशद्रोह और आईटी एक्ट के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

बस स्टैंड पर पुतला दहन, आतंकवाद और देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ उग्र विरोध

ज्ञापन सौंपने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने रैली के रूप में मुख्य मार्ग होते हुए बस स्टैंड तक मार्च किया, जहां आतंकी गतिविधियों और यू.डी. मिंज के कथित देश विरोधी कृत्यों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया गया।

भाजपा नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जब देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष कर रहा है, ऐसे समय में कांग्रेस नेता द्वारा सोशल मीडिया पर किया गया पोस्ट देश की एकता और अखंडता के लिए सीधा खतरा उत्पन्न कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार के बयान न केवल सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा पर भी गंभीर प्रश्न उठाते हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि धूमिल होती है।

भाजपा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित कानूनी कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जनआंदोलन के रास्ते पर जाएगी। नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में मजबूत राष्ट्र के रूप में पहचान बनाई है, और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।

Jashpur Political