जमीन बेचने के नाम पर ऐसा बुना फर्जीवाड़े का जाल कि एक ही भूखंड पर कई लोगों ने ठोक दिया दावा! फर्जी दस्तावेजों से करता रहा खेल, आखिरकार दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ।

जमीन बेचने के नाम पर ऐसा बुना फर्जीवाड़े का जाल कि एक ही भूखंड पर कई लोगों ने ठोक दिया दावा! फर्जी दस्तावेजों से करता रहा खेल, आखिरकार दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ।

फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर एक ही जमीन का कई लोगों को सौदा कर धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जमीन की रजिस्ट्री एवं पावर ऑफ अटॉर्नी के नाम पर कई लोगों को बनाया था निशाना।

ग्राम अरसी की एक ही जमीन के अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार कर कई लोगों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया।

प्रार्थी से जमीन का सौदा 3,00,000 रुपये में तय कर ऑनलाइन, बैंक खाते एवं नगद के माध्यम से राशि प्राप्त की गई थी।

आरोपी द्वारा दस्तावेजों में त्रुटि सुधारकर रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देकर प्रार्थी को पावर ऑफ अटॉर्नी दी गई थी।

जांच में पता चला कि उसी जमीन के संबंध में आरोपी द्वारा अन्य व्यक्तियों को भी पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री कराई गई थी।

थाना बोरी पुलिस ने फरार आरोपी की पतासाजी कर हिरासत में लिया तथा अपराध स्वीकार करने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

दुर्ग : जमीन एक थी, लेकिन उसके खरीदार कई बना दिए गए! किसी को पावर ऑफ अटॉर्नी थमाई गई तो किसी के नाम रजिस्ट्री कराने का रास्ता खोल दिया गया। फर्जी ऋण पुस्तिका और जमीन के दस्तावेजों में हेरफेर का ऐसा कथित खेल रचा गया कि एक ही जमीन को लेकर कई लोग आमने-सामने आ गए। ग्राम अरसी में सामने आए इस जमीन फर्जीवाड़े ने तब नया मोड़ लिया, जब एक पीड़ित को करीब 11 महीने बाद पता चला कि जिस जमीन के लिए उसने अपनी गाढ़ी कमाई के 3 लाख रुपये दिए थे, उसी जमीन का सौदा दूसरे लोगों से भी किया जा चुका है। शिकायत के बाद हरकत में आई थाना बोरी पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आखिर एक ही जमीन के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर कितने लोगों को निशाना बनाया गया और पावर ऑफ अटॉर्नी के पीछे क्या था पूरा खेल? अब पुलिस की विवेचना में इस कथित जमीन घोटाले की परतें खुलने की उम्मीद है।

थाना बोरी में दर्ज अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 318(4) बीएनएस के प्रकरण में पुलिस ने जमीन के दस्तावेजों में कूटरचना एवं धोखाधड़ी कर एक ही जमीन का अलग-अलग व्यक्तियों के साथ सौदा करने के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।

प्रार्थी द्वारा थाना बोरी में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई कि ग्राम अरसी स्थित खसरा नंबर 1051 एवं 1086, प्रत्येक का रकबा 0.16 हेक्टेयर, कुल 0.32 हेक्टेयर भूमि का सौदा आरोपी के साथ 3,00,000 रुपये में तय हुआ था। उक्त राशि प्रार्थी द्वारा ऑनलाइन, बैंक खाते एवं नगद माध्यम से आरोपी को दी गई थी।

आरोपी द्वारा दस्तावेजों में त्रुटि होने की बात कहकर उन्हें सुधारने एवं रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान आरोपी ने प्रार्थी को पावर ऑफ अटॉर्नी प्रदान की, जिसके माध्यम से प्रार्थी स्वयं अथवा किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर रजिस्ट्री करा सकता था।

लगभग 11 माह बाद प्रार्थी को जानकारी मिली कि आरोपी ने उसी भूमि के संबंध में अन्य व्यक्ति के नाम पर भी पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री करा दी है। तहसील कार्यालय से जानकारी लेने पर उक्त भूमि के नामांतरण संबंधी प्रक्रिया में कई व्यक्तियों द्वारा आपत्ति प्रस्तुत किया जाना सामने आया।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना बोरी में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

विवेचना के दौरान आरोपी के फरार होने पर थाना बोरी पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की गई। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर तलाश एवं दबिश दी गई। पुलिस टीम के प्रयासों से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ एवं अपराध में संलिप्तता के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका):- आरोपी द्वारा एक ही भूमि के संबंध में अलग-अलग ऋण पुस्तिका तैयार कर तथा दस्तावेजों में त्रुटि सुधारने एवं रजिस्ट्री कराने का आश्वासन देकर लोगों से रकम प्राप्त की जाती थी। इसके बाद उसी भूमि के संबंध में अलग-अलग व्यक्तियों को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर रजिस्ट्री की प्रक्रिया कराई जाती थी, जिससे एक ही भूमि को लेकर कई व्यक्तियों के बीच विवाद एवं आर्थिक धोखाधड़ी की स्थिति उत्पन्न हुई।

घटना स्थल:- ग्राम अरसी, थाना बोरी, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

आरोपी का नाम:- दीपक देशलहरे, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम अरसी, थाना बोरी, जिला दुर्ग।

सराहनीय कार्य:- उक्त कार्यवाही में थाना बोरी के सउनि तानसिंह सोनवानी, आरक्षक क्रमांक 487 ऋषि बंछोर, आरक्षक क्रमांक 112 संजीव सोनी, आरक्षक क्रमांक 707 जितेन्द्र धीवर एवं आरक्षक क्रमांक 1120 प्रशांत साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील:- दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी भूमि का क्रय-विक्रय करने से पूर्व संबंधित भूमि के मूल दस्तावेज, ऋण पुस्तिका, खसरा, बी-1, नामांतरण की स्थिति एवं स्वामित्व का राजस्व विभाग से विधिवत सत्यापन अवश्य कराएं। केवल पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर भूमि का सौदा करने से पहले सभी कानूनी पहलुओं की जांच करें। किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस को सूचित करें।

Crime