रायपुर रेलवे स्टेशन में संयुक्त सघन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों एवं प्रतिबंधित सामग्री पर वैधानिक कार्यवाही।
रायपुर कमिश्नरेट जिला बल, आरपीएफ और जीआरपी की ज्वाइंट कार्यवाही।
रायपुर : रायपुर रेलवे स्टेशन पर अचानक पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाल लिया। प्लेटफॉर्म से लेकर आउटर क्षेत्र तक घेराबंदी कर यात्रियों, सामान और संदिग्ध गतिविधियों की सघन जांच की गई। करीब 50 जवानों की इस कार्रवाई में डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को भी शामिल किया गया। सुरक्षा ऑडिट और आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए चलाए गए इस अभियान में संदिग्ध व्यक्तियों एवं प्रतिबंधित सामग्री पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर रायपुर के निर्देश पर महत्वपूर्ण संस्थानों का सुरक्षा ऑडिट एवं आकस्मिक कार्ययोजना तैयार करने के क्रम में आज दिनांक 28.11.2026 को शाम लगभग 5:30 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन परिसर में संयुक्त सघन चेकिंग अभियान एवं इमरजेंसी ड्रिल का अभ्यास चलाया गया।
डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल एवं एडिशनल डीसीपी विवेक शुक्ला के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान में आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस एवं रक्षित केंद्र रायपुर के लगभग 50 महिला एवं पुरुष जवान शामिल रहे।
अभियान की शुरुआत में प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 एवं 7 तथा स्टेशन के आउटर क्षेत्रों की घेराबंदी की गई। इसके बाद बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड एवं आरपीएफ तथा जिला बल की डॉग स्क्वॉड टीमों के साथ अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक साथ व्यवस्थित, क्षेत्रवार सर्चिंग कराई गई। इस दौरान यात्रियों, उनके सामान एवं स्टेशन परिसर की सघन चेकिंग की गई। संयुक्त चेकिंग अभियान यात्रियों एवं आमजन के बीच भी चर्चा और उत्सुकता का विषय रहा।
कार्यवाही में आरपीएफ से निरीक्षक करम पाल सिंह गुर्जर, जीआरपी से निरीक्षक रजनीश कौशिक, थाना गंज से निरीक्षक दीपक पासवान, थाना गुढियारी से निरीक्षक नरेंद्र साहू तथा रक्षित केंद्र रायपुर से निरीक्षक लव कुमार कवर एवं निरीक्षक राम अवतार पटेल ने हिस्सा लिया।
चेकिंग के दौरान कुछ व्यक्तियों की गतिविधियाँ संदिग्ध पाए जाने पर उनकी पहचान एवं अन्य विवरणों का सत्यापन किया जा रहा है। कुछ व्यक्तियों के पास प्रतिबंधित सामग्री भी पाई गई है, जिसके संबंध में संबंधित इकाइयों द्वारा अग्रिम विधिसम्मत कार्यवाही की जा रही है।


