शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल कोरना में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन
जशपुर : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) जशपुर द्वारा शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल, कोरना में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों में सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभावों एवं नशा मुक्त समाज के महत्व पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करने हेतु जागरूकता वीडियो का प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष राजकुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं वक्ता के रूप में वी. बी. निराला, रामवृक्ष नाग, अजय चंद्रा एवं रीता मिंज ने युवाओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने, सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया।


