पुरानी रंजिश पर बेसबॉल स्टीक, बेल्ट व पत्थरों से हमला कर गंभीर चोंट पहुंचाने वाले विधि से संघर्षरत एक बालक सहित 03 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशों एवं ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जिले में हिंसा और मारपीट करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार जारी है कड़ी कार्रवाई।
ग्राम नरधा में पूर्व विवाद को लेकर प्रार्थी पर हमला करने वाले आरोपियों को बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने किया गिरफ्तार
आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बेसबॉल स्टीक, बेल्ट एवं पत्थर विधिवत जप्त; BNS की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार-भाटापारा गौरव राय (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में थाना गिधौरी-टुण्डरा क्षेत्र अंतर्गत पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर हमला करने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित सुरागसाजी और प्रभावी विवेचना करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
घटना का विवरण:- प्रार्थी जय प्रकाश प्रधान (निवासी ग्राम नरधा) द्वारा थाना गिधौरी-टुण्डरा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि हरेली त्यौहार के दौरान गांव के सुनील साहू और नवरत्न साहू के बीच विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर दिनांक 09.11.2026 को शाम करीब 05:00 बजे जब प्रार्थी आनलाईन सेंटर के पास खड़ा था, तब आरोपी वहाँ पहुँचे। पुरानी बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए आरोपियों द्वारा बेसबॉल स्टीक, कमर में पहने बेल्ट तथा पत्थरों से प्रार्थी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया, जिससे प्रार्थी के सिर, पीठ, बाएं हाथ की कलाई एवं कोहनी में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गिधौरी-टुण्डरा में अपराध क्र. 231/2026, धारा 296,118(1),351(3), 3(5) BNS के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस की सूक्ष्म विवेचना एवं जब्ती की कार्रवाई: घटना के तुरंत बाद प्रार्थी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरी मुलाहिजा कराया गया तथा गवाहों के कथन सूक्ष्मता से लेखबद्ध किए गए। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रकरण में संलिप्त विधि से संघर्षरत एक बालक सहित 03 आरोपियों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा पुरानी रंजिश की बात को लेकर प्रार्थी के ऊपर हमला कर उसे गंभीर चोंट पहुंचाना स्वीकार किया गया। आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल स्टीक, बेल्ट, घटना में प्रयुक्त पत्थर को जप्त किया गया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपियों को आज दिनांक 12.11.2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपीगण का विवरण:-
1. नवरत्न साहू पिता हेतराम साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम नरधा, थाना गिधौरी-टुण्डरा,
2. सुनील साहू पिता धनराज साहू, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम नरधा, थाना गिधौरी-टुण्डरा
3. विधि से संघर्षरत एक बालक


