बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस को अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में मिली बड़ी सफलता
चौकी बया के वनांचल क्षेत्र में पूर्णतः नग्न अवस्था में मिली थी युवक की लाश
गांजा तस्करी के वर्चस्व व प्रतिशोध में सुपारी देकर कराई गई थी हत्या; 05 आरोपी गिरफ्तार, 02 विधि से संघर्षरत बालक निरूद्ध
नेशनल हाईवे में संबलपुर, बया, पटेवा, रायपुर से भिलाई-दुर्ग तक सघन तकनीकी जांच से पकड़े गए आरोपी
एआई तकनीक (AI Technology) एवं 1000 से अधिक CCTV कैमरों के विश्लेषण से बेनकाब हुआ अंतरजिला नेटवर्क
वारदात में प्रयुक्त चाकू, 02 कार (वैगनआर व KIA) एवं 01 स्कूटी जब्त
आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से दर्ज हैं हत्या व मादक पदार्थ तस्करी जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले
बलौदाबाजार-भाटापारा : पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने एक अत्यंत सनसनीखेज, पेचीदा और अंधे कत्ल के मामले का पर्दाफाश किया है। चूंकि मृतक की पहचान और उसका घटना स्थल वाले जिले से पूर्व में कोई संबंध नहीं था, इसलिए यह मामला पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती था। बलौदाबाजार पुलिस ने त्वरित व तकनीकी जांच कर इस ब्लाइंड मर्डर केस की परतें खोलीं और वारदात में संलिप्त 05 आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही 02 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया। घटना में प्रयुक्त चाकू, दो कारें एवं एक स्कूटी भी विधिवत बरामद कर ली गई हैं।
घटनाक्रम का विवरण एवं विशेष टीम का गठन:- दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी बया (थाना राजादेवरी) क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुरुमडीह और रायतुंम के बीच वनांचल के जंगली रास्ते में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की उम्र लगभग 20 से 25 वर्ष थी और शरीर पूरी तरह से नग्न अवस्था में था। सीने तथा शरीर पर धारदार हथियार (चाकू) के गहरे घाव थे। मृतक के सीने पर अंग्रेजी में ‘KP’ तथा हाथों पर टैटू बने हुए थे। प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हत्या का मामला पाए जाने पर चौकी बया, थाना राजादेवरी में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 103(1), 238(क), 61(2), 249 बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (कैंप कसडोल) कौशल किशोर वासनिक के नेतृत्व में आरोपियों की धरपकड़ हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
हत्या का कारण एवं साजिश (Motive & Conspiracy):- विवेचना व पूछताछ में स्पष्ट हुआ कि आरोपीगण एवं मृतक गांजा (मादक पदार्थ) के अवैध कारोबार से जुड़े हुए थे, जिसको लेकर इनके मध्य पुराना विवाद व वर्चस्व की रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश व पूर्व विवाद के चलते (जिसमें माह अक्टूबर में आरोपी अमरजीत सिंह सोनी के पुत्र शिवा की हत्या हो चुकी थी) अमरजीत सिंह सोनी द्वारा अपने पुत्र की हत्या का प्रतिशोध लेने हेतु करन डोंगरे (KP) की हत्या की योजना बनाई गई तथा अन्य आरोपियों को सुपारी/निर्देश देकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिलवाया गया।
वारदात का तरीका (Modus Operandi):- आरोपियों में से एक की मृतक से पूर्व जान-पहचान थी। उसी का लाभ उठाकर उसने मृतक को महासमुंद क्षेत्र में काम दिलाने का झांसा दिया। योजनाबद्ध तरीके से आरोपी मृतक को संबलपुर क्षेत्र से KIA कार में लेकर निकले, जबकि अन्य आरोपी वैगनआर (WagonR) कार में सवार होकर निगरानी व पायलेटिंग करते हुए आगे-पीछे चल रहे थे। दोनों वाहन पटेवा क्षेत्र में एकत्र हुए और मृतक को चौकी बया क्षेत्र के सुनसान वनांचल में ले जाया गया। वहां चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। साक्ष्य नष्ट करने और पहचान छुपाने की नीयत से मृतक के सभी कपड़े उतारकर शव को निर्वस्त्र अवस्था में फेंक दिया गया।
पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास व तकनीकी धरपकड़:- वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए वैगनआर कार को रायपुर और नया रायपुर के विभिन्न अंदरूनी मार्गों पर घुमाया, जबकि KIA कार पटेवा से नेशनल हाईवे होते हुए संबलपुर की ओर निकली। पुलिस ने आधुनिक तकनीकों का प्रयोग कर केस को सुलझाया:
1. 1000+ CCTV कैमरों की पड़ताल:- घटनास्थल बया से लेकर पटेवा, नया रायपुर, सरायपाली तथा रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे व टोल प्लाजा पर लगे 1000 से अधिक कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया।
2. AI तकनीक का उपयोग:- संदिग्ध वाहनों के आवागमन, समय और पैटर्न का मिलान करने हेतु उन्नत AI टूल्स का प्रयोग किया गया, जिससे KIA व वैगनआर दोनों कारों की पहचान स्थापित हुई।
3. फॉरेंसिक साक्ष्य:- घटनास्थल पर मिले टायरों के निशान से दो अलग-अलग चौपहिया वाहनों के शामिल होने की पुष्टि हुई।
4. मृतक की शिनाख्त:- डिजिटल फुटप्रिंट्स एवं अंतरजिला समन्वय के आधार पर अज्ञात मृतक की पहचान करन डोंगरे उर्फ KP (उम्र 20 वर्ष) के रूप में हुई।
अंतरजिला पुलिस समन्वय एवं गिरफ्तारी:- KIA कार के मूवमेंट के आधार पर पहले आरोपी को पकड़ा गया। उससे पूछताछ के उपरांत पुष्टि हुई कि शेष आरोपी दुर्ग नगर के एक संवेदनशील इलाके में छिपे हुए हैं। जिला दुर्ग पुलिस के सक्रिय सहयोग से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस टीम ने दुर्ग में कैंप कर दबिश दी और घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:-
1. मोह. अनस असरफी पिता मोह. हबीब, उम्र 22 वर्ष, निवासी मोवा ईदगाह के सामने, थाना पंडरी, जिला रायपुर
2. सैय्यद अल्ताफ अली उर्फ फरजान पिता सैय्यद साबिर अली, उम्र 24 वर्ष, निवासी ईदगाह तालाब किनारे, मोवा, थाना पंडरी, जिला रायपुर
3. राज यादव उर्फ सांई पिता कमलेश, उम्र 18 वर्ष, निवासी वार्ड 16, कर्मचारी नगर, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग
4. राहुल दास मानिकपुरी पिता स्व. विरेन्द्र दास, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड 58, उरला बॉम्बे आवास, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग
5. अमरजीत सिंह सोनी पिता अमृत सिंह, उम्र 47 वर्ष, निवासी वार्ड 58, उरला बॉम्बे आवास, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग
6. (नोट:- प्रकरण में संलिप्त 02 विधि से संघर्षरत बालकों को भी विधिवत संरक्षण/अभिरक्षा में लिया गया है।)
जप्त मशरूका:-
1. घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू
2. वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार (क्र. CG 07 CE 3638)
3. वारदात में प्रयुक्त KIA कार (क्र. CG 04 QB 5060)
4. घटना में प्रयुक्त 01 स्कूटी
गिरफ्तार 05 आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष तथा 02 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड (JJB) के समक्ष प्रस्तुत करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


