खाना मांगने की बात पर खूनी बना कलयुगी बेटा! आधी रात शराब के नशे में घर पहुंचा, मां से हुआ ऐसा विवाद कि अधजली लकड़ी से पीट-पीटकर कर दी हत्या; अस्पताल में तोड़ा दम, जशपुर पुलिस ने आरोपी बेटे को दबोचा!

खाना मांगने की बात पर खूनी बना कलयुगी बेटा! आधी रात शराब के नशे में घर पहुंचा, मां से हुआ ऐसा विवाद कि अधजली लकड़ी से पीट-पीटकर कर दी हत्या; अस्पताल में तोड़ा दम, जशपुर पुलिस ने आरोपी बेटे को दबोचा!

कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की पीट-पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार कर भेजा गया जेल।

मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत गढ़ाटोली का।

शराब के नशे में देर रात घर पहुंचकर खाना मांगने की बात पर मां से हुआ था विवाद, गुस्से में आकर अधजले लकड़ी के डंडे से बेरहमी से की थी मारपीट।

गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान जिला अस्पताल जशपुर में हुई मृत्यु।

पुलिस ने आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल उम्र 22 वर्ष, निवासी गढ़ाटोली जशपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अधजला लकड़ी का डंडा जप्त।

आरोपी के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में मर्ग क्रमांक 142/2026 धारा 194 बीएनएसएस एवं अपराध क्रमांक 369/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध।

जशपुर : प्रार्थी सुरेन्द्र मिंज पिता स्व. झुरण्डू मिंज उम्र 50 वर्ष निवासी गढ़ाटोली, जशपुर, जो कि मृतिका का पति है, के द्वारा दिनांक 08.11.2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि दिनांक 07.11.2026 की शाम को वह डोडकाचौरा में एक व्यक्ति के नवनिर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गया था। उस समय घर में उसकी पत्नी मृतिका वेनेदिक्ता कुजूर एवं उसके अन्य बच्चे मौजूद थे।

दिनांक 08.11.2026 की सुबह लगभग 07:00 बजे प्रार्थी के एक परिचित ने उसके पास पहुंचकर बताया कि उसकी पत्नी को उसके बड़े बेटे रोशन मिंज ने अधजले लकड़ी के डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया है, जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर प्रार्थी जिला अस्पताल पहुंचा, जहां उसकी पत्नी उपचाररत थी। पत्नी से पूछने पर उसने बताया कि उसका बड़ा बेटा रोशन मिंज रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच शराब के नशे में घर आया और खाना मांगा। इस पर पत्नी ने दिन का खाना रखा होने की बात कहते हुए उसे खाना निकालकर खाने के लिए कहा। इसी बात पर आरोपी गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए घर के चूल्हे के पास पड़े अधजले लकड़ी के डंडे से अपनी मां के हाथ, पैर एवं पीठ पर कई बार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के दौरान आरोपी की बहन भी वहीं सोई हुई थी। अपनी मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पर आरोपी ने उसके साथ भी डंडे से 2-4 वार कर मारपीट की। इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई के पास गया और उसे भी खाना नहीं बचाने की बात पर धमकाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया।

घटना के बाद घर में मौजूद बच्चों द्वारा एम्बुलेंस की सहायता से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया। इसी दौरान प्रार्थी अपनी बेटी की दवाई लेने घर चला गया था। वापस अस्पताल पहुंचने पर उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में मर्ग क्रमांक 142/2026 धारा 194 बीएनएसएस एवं अपराध क्रमांक 369/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस की कार्यवाही : विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को अभिरक्षा में लेकर गवाहों की उपस्थिति में पूछताछ की गई। पूछताछ एवं मेमोरेण्डम कथन में आरोपी ने बताया कि वह शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बी.कॉम प्रथम वर्ष की पढ़ाई करता है तथा मनोरा स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में रहता है। दिनांक 02-03 नवंबर को वह अपने घर गढ़ाटोली आया था।

आरोपी ने अपने मेमोरेण्डम कथन में स्वीकार किया कि दिनांक 07.11.2026 की रात्रि में वह अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर घर आया था। खाना नहीं मिलने की बात पर उसने अपनी मां से विवाद किया तथा गुस्से एवं शराब के नशे में चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे को उठाकर अपनी मां के ऊपर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आई अपनी बहन को भी डंडे से मारा। इसके बाद वह अपने भाई को धमकाकर वहां से जुरगुम की ओर भाग गया तथा रातभर वहीं रहा।

आरोपी ने अपने मेमोरेण्डम कथन में यह भी बताया कि जिस लकड़ी के डंडे से उसने अपनी मां के साथ मारपीट की थी, उसे घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गया था। पुलिस द्वारा आरोपी की निशानदेही पर गवाहों के समक्ष घटना में प्रयुक्त अधजला लकड़ी का डंडा विधिवत जप्त किया गया। पुलिस के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए तथा मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस द्वारा आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल पिता सुरेन्द्र मिंज उम्र 22 वर्ष निवासी गढ़ाटोली, जशपुर को ट्रैक कर अभिरक्षा में लिया गया। आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने एवं उसके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

कार्यवाही एवं आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज साहू, नंदलाल राम, प्रधान आरक्षक प्रीतम टोप्पो, आरक्षक शोभ नाथ सिंह एवं नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया*कि सिटी कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। इस प्रकार के गंभीर अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।

Crime Jashpur