राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जशपुर पुलिस द्वारा एकता दौड़ का आयोजन, पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं छात्र-छात्राओं ने दौड़ लगाकर दिया राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास ने हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को किया रवाना।
रणजीता स्टेडियम से प्रारंभ होकर महाराजा चौक होते हुए रक्षित केंद्र जशपुर के परेड ग्राउंड में संपन्न हुई एकता दौड़।
कार्यक्रम में जिला पुलिस बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारी एवं नव संकल्प तथा क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा।
सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को स्मरण करते हुए पुलिस कप्तान ने”एक भारत श्रेष्ठ भारत”के नारे के साथ कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
आपसी भाईचारे, सद्भाव और सहयोग से ही मजबूत एवं समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है।
जशपुर : राष्ट्रीय एकता दिवस लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल के जयंती के अवसर पर आज दिनांक 31.10.2026 को जशपुर पुलिस द्वारा राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एकता दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास ने रणजीता स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया।एकता दौड़ में जिला पुलिस बल एवं छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारी-कर्मचारियों सहित नव संकल्प एवं क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की। दौड़ रणजीता स्टेडियम से प्रारंभ होकर महाराजा चौक होते हुए रक्षित केंद्र जशपुर के परेड ग्राउंड में पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने एक साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ लगाते हुए देश की एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार ने एकता दौड़ में उत्साहपूर्वक शामिल होने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल शारीरिक गतिविधि तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज में एकता, अनुशासन, आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को भी मजबूती मिलती है। हम सभी को जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एक-दूसरे के साथ मिलकर रहना चाहिए। आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे से ही देश की एकता मजबूत होती है। उन्होंने सभी से देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र की प्रगति एवं समृद्धि में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया। उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में सरदार वल्लभभाई पटेल का अतुलनीय योगदान रहा है। उनके इसी ऐतिहासिक योगदान एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करने के लिए प्रत्येक वर्ष 31 अक्टूबर को उनके जन्मदिवस के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।
पुलिस कप्तान ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और विविधता में समाहित एकजुटता है। हम सभी भारतीय एक हैं और हमारी यही सामूहिक शक्ति देश को मजबूत एवं सुदृढ़ बनाती है। देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखना केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। हमें आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान, विश्वास एवं सहयोग की भावना रखते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने सभी को देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध एवं संकल्पित रहने का संदेश दिया।
उन्होंने एकता दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की तथा आयोजन में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के इस आयोजन के माध्यम से जशपुर पुलिस ने यह संदेश दिया कि देश की एकता, अखंडता, शांति एवं सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। एकजुट होकर ही हम एक सशक्त, समृद्ध एवं श्रेष्ठ भारत का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, प्रशिक्षु सूबेदार रविशंकर साहू सहित पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी तथा नव संकल्प एवं क्रीड़ा परिसर के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

