जशपुर में 2 नवंबर को मनाया जाएगा राज्योत्सव 2026
रणजीता स्टेडियम में लगेगी विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल होंगे मुख्य अतिथि
सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम
कलेक्टर रोहित व्यास ने वर्चुअल बैठक लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
जशपुर : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में राज्योत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा।
इसी कड़ी में जशपुर के रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन होगा। कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाने की तैयारी समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ होगी मुख्य थीम
इस वर्ष राज्योत्सव 2026 की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ निर्धारित की गई है। इसके तहत महिला सशक्तीकरण, युवाओं के विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
विभिन्न विभाग अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं, सफल परियोजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाएंगे।
कलेक्टर ने कृषि, पशुपालन, जिला पंचायत, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, रेशम विभाग, मत्स्य पालन, जल संसाधन, शिक्षा सहित अन्य विभागों को अपनी उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सामग्री का वितरण भी किया जाएगा।
इसके लिए संबंधित विभागों को हितग्राहियों का चयन समय पर सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पंचायत विभाग को प्रधानमंत्री आवास योजना, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों जशप्योर एवं पर्यटन से संबंधित स्टॉल लगाने को कहा गया।
इसी प्रकार नगरीय प्रशासन विभाग को मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं उपलब्धियां विद्युत विभाग को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, परिवहन विभाग को मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना, राजस्व विभाग को सीएम हेल्पलाइन तथा श्रम विभाग को श्रमिक पंजीयन से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
बैंकों को विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देने, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का प्रदर्शन करने तथा पुलिस विभाग और नगर सेना सहित सभी विभागों को अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा, पार्किंग, आमंत्रण पत्र वितरण और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा।
स्थानीय कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
जिला स्तरीय राज्योत्सव में स्थानीय कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।
रणजीता स्टेडियम में आयोजित इस जिला स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। राज्योत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, विभागीय उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को आम नागरिकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

