पटाखों की दुकानों पर आग से सुरक्षा के साथ साइबर ठगी पर भी पुलिस की नजर! नॉर्थ जोन में विक्रेताओं की बैठक, 1930 हेल्पलाइन से लेकर सुरक्षा मानकों तक दी गई जानकारी

पटाखों की दुकानों पर आग से सुरक्षा के साथ साइबर ठगी पर भी पुलिस की नजर! नॉर्थ जोन में विक्रेताओं की बैठक, 1930 हेल्पलाइन से लेकर सुरक्षा मानकों तक दी गई जानकारी

नॉर्थ जोन में अस्थायी पटाखा विक्रेताओं की बैठक लेकर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए

दीपावली पर अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया गया जागरूक

डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन, अग्नि सुरक्षा एवं लाइसेंस संबंधी नियमों के पालन के निर्देश दिए गए।

साइबर जागरूकता अभियान के तहत पटाखा विक्रेताओं एवं उपस्थित लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई।

रायपुर : दिनांक 29.10.2026 को डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप की अध्यक्षता में अस्थायी पटाखा विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ आदित्य पांडे, एसीपी उरला सुश्री पूर्णिमा लामा, थाना प्रभारी गुढ़ियारी, थाना प्रभारी खमतराई, थाना प्रभारी उरला एवं चौकी प्रभारी रामनगर सहित थाना गुढ़ियारी, खमतराई एवं उरला क्षेत्र के अस्थायी पटाखा विक्रेता उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान पटाखा दुकानों के सुरक्षित संचालन, अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। विक्रेताओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पटाखों का भंडारण एवं विक्रय करने, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने, ज्वलनशील सामग्री से बचने तथा अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्युत व्यवस्था सुरक्षित रखने, दुकानों के आसपास भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा सड़क एवं आपातकालीन वाहनों के आवागमन का मार्ग बाधित नहीं करने और लाइसेंस की शर्तों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डीसीपी नॉर्थ जोन श्रीमती दीपमाला कश्यप ने सभी विक्रेताओं को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत ‘साइबर पर संकल्प’ के तहत उपस्थित पटाखा विक्रेताओं एवं लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल एवं मैसेज से सतर्क रहने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।

नॉर्थ जोन पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि दीपावली के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, पटाखों का सुरक्षित उपयोग करें तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहते हुए त्योहार को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।

Chhattisgarh