यातायात पुलिस रायपुर का विशेष चेकिंग अभियान
यातायात थानों में अलग अलग प्रकरणों में कुल 83 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही
चेकिंग के दौरान चोरी का एक्टिवा वाहन पकड़ा गया, आरोपी वाहन सहित अग्रिम कार्यवाही हेतु थाना देवेंद्र नगर के सुपुर्द।
रायपुर : दिनांक 24 अक्टूबर 2026 को डॉ. अर्चना झा पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं प्रोटोकॉल, कमिश्नरेट रायपुर के निर्देशन में रायपुर शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस के सभी 09 यातायात थानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट एवं आड़ा-तिरछा नंबर प्लेट, नो-पार्किंग, तीन सवारी, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्यवाही की गई। अभियान में कुल 83 प्रकरणों में कार्यवाही की गई।
प्रकरण वार कार्यवाही का विवरण
बिना नंबर/ अस्पष्ट नंबर:- 54 प्रकरण
तीन सवारी:- 14 प्रकरण
नो पार्किंग:- 07 प्रकरण
शराब/नशे में:- 03 प्रकरण
लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना :- 03 प्रकरण
मोडीफाइड साइलेंसर:- 01 प्रकरण
बिना कागजात:- 01 प्रकरण
कुल:- 83 प्रकरण
चेकिंग के दौरान चोरी का एक्टिवा वाहन बरामद:- विशेष चेकिंग अभियान के दौरान यातायात थाना पंडरी क्षेत्र में सहायक उपनिरीक्षक लच्छन निषाद, प्रधान आरक्षक क्रमांक 1371 श्रीकांत मिश्रा, आरक्षक क्रमांक 829 विजय कुमार सोनवानी एवं आरक्षक क्रमांक 2330 गजेसिंह मरकाम की ड्यूटी लगी हुई थी।
चेकिंग के दौरान एक एक्टिवा चालक पुलिस चेकिंग को देखकर घबराकर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। संदेह के आधार पर ई-चालान डिवाइस से वाहन की जांच की गई, जिसमें उक्त एक्टिवा वाहन चोरी का होना पाया गया।जांच में उक्त वाहन के संबंध में थाना सुपेला, जिला दुर्ग में अपराध क्रमांक 1485/25, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज होना पाया गया। इस संबंध में संबंधित थाने को सूचित किया गया तथा आरोपी को वाहन सहित अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु थाना देवेंद्र नगर के सुपुर्द किया गया।
यातायात पुलिस की अपील:- रायपुर यातायात पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, वाहन पर नियमानुसार नंबर प्लेट लगाएं तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने से बचें। सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

