टिकरापारा क्षेत्रांतर्गत संतोषी नगर से मोबाईल फोन स्नेचिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार
80,000 रूपये कीमत का छीना गया मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जप्त
एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट एवं थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही
घटना में शामिल एक अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी
रायपुर : प्रार्थी मोह. फारूख चांगल ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 07.10.2026 की रात्रि में वह अपनी पत्नी के साथ घर से बाहर टहलने निकला था। इस दौरान वह अपने व्यवसाय के संबंध में मोबाइल पर ऑडियो सुनने हेतु मोबाइल को कान के पास लगाए हुए था। रात्रि करीब 10ः30 बजे संतोषी नगर मेन रोड स्थित अनंत ज्वेलर्स के सामने पीछे से स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्ति अचानक आए और प्रार्थी के हाथ से मोबाइल फोन झपट्टा मारकर छीन लिया तथा दोनों आरोपी स्कूटी से तेजी से फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरूद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 948/26 धारा 304 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा घटना के संबंध में प्रार्थी एवं उसकी पत्नी से विस्तृत पूछताछ कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी प्रारंभ की गई।
टीम द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। साथ ही, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन के संबंध में जानकारी एकत्र कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त एक आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान शेख तौहीद, निवासी कोतवाली क्षेत्र, के रूप में की गई। टीम द्वारा आरोपी की पतासाजी कर उसे पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उक्त मोबाइल स्नेचिंग की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी शेख तौहीद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन एवं घटना में प्रयुक्त एक्टिवा वाहन जुमला कीमती लगभग 80,000/- रूपये जप्त कर आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही किया गया।
प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी पतासाजी कर उसे गिरफ्तार करने हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपी – शेख तौहीद पिता शेख असलम उम्र 20 साल निवासी स्वास्तिक बेकरी के बाजू बैद्यनाथ पारा थाना कोतवाली रायपुर।

