महानदी-हसदेव के किनारे विशेष निगरानी, आपदा राहत दल तैयार! शिवरीनारायण सहित निचले इलाकों में सतर्कता के निर्देश, बांधों से पानी छोड़ने पर भी रहेगी नजर

महानदी-हसदेव के किनारे विशेष निगरानी, आपदा राहत दल तैयार! शिवरीनारायण सहित निचले इलाकों में सतर्कता के निर्देश, बांधों से पानी छोड़ने पर भी रहेगी नजर

चक्रवाती तूफान के प्रभाव से संभावित वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने की तैयारियों की समीक्षा

कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

शिवरीनारायण सहित महानदी एवं हसदेव नदी के आसपास के क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखने को कहा

जांजगीर-चांपा : मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में 27 से 29 अक्टूबर 2026 तक वर्षा होने की संभावना है। इसे देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने अधिकारियों की बैठक लेकर संभावित स्थिति से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता के अनुसार त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला एवं तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने तथा संबंधित विभागों को अपने मैदानी अमले के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा।नगरीय निकायों एवं पंचायतों को संभावित जलभराव से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश भी दिए गए।

संभावित वर्षा के मद्देनजर शिवरीनारायण सहित महानदी एवं हसदेव नदी के आसपास के क्षेत्रों की स्थिति पर विशेष नजर रखने को कहा गया।मुनादी के माध्यम से स्थानीय नागरिकों को सतर्क करने तथा नदी किनारे एवं निचले क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक में गंगरेल एवं बांगो बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में संबंधित विभागों को समय पर सूचना साझा करने और आपसी समन्वय बनाए रखने को कहा गया। साथ ही जिला आपदा राहत बल (DDRF) को आवश्यक तैयारियां रखने तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ध्यान दें और आवश्यक सावधानियां बरतें।बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी उपस्थित रहीं।

Chhattisgarh