छत्तीसगढ़ में हॉकी का ऐतिहासिक अध्याय: पहली प्रोफेशनल स्टेट-स्तरीय हॉकी लीग और ग्लोबल मंच पर चमकते हमारे कमेंटेटर्स
रायपुर : खेलों की उर्वरा भूमि कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ में अब हॉकी की एक नई और स्वर्णिम तस्वीर गढ़ने की तैयारी पूरी हो चुकी है। राज्य के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त ‘छत्तीसगढ़ हॉकी लीग‘ के पहले सीजन का भव्य आयोजन राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में किया जा रहा है।
21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाली यह लीग देश के किसी भी राज्य में आयोजित होने वाली अपने तरह की पहली राज्य-स्तरीय हॉकी लीग है। इसे हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर पूरी तरह प्रोफेशनल और व्यावसायिक स्वरूप दिया गया है, जो राज्य के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हो रही है। इस आयोजन ने जहाँ एक ओर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अभूतपूर्व मंच दिया है, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ के दो दिग्गज और मंजे हुए खेल कमेंटेटर्स के लिए भी वैश्विक पहचान हासिल करने का स्वर्णिम द्वार खोल दिया है। इस प्रतिष्ठित लीग के सीधे प्रसारण (Live Streaming) JioHotstar के माध्यम से होने के कारण राज्य के इन कमेंटेटर्स की आवाज़ और विश्लेषण अब विश्वव्यापी दर्शकों तक पहुँच रहा है।
इस ऐतिहासिक आयोजन को अपनी ओजस्वी और अनुभावित कमेंट्री से खास बनाने वाले दोनों प्रमुख कमेंटेटर्स का जीवन परिचय और उनकी उपलब्धियां इस प्रकार हैं:
जसवंत कुमार क्लाडियस (वरिष्ठ खेल पत्रकार एवं अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर)
छत्तीसगढ़ के खेल जगत में श्री जसवंत कुमार क्लाडियस एक ऐसा नाम हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और दूरदृष्टि से राज्य का मान राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है।
- परिचय व पृष्ठभूमि: आपका जन्म 4 फरवरी 1958 को हुआ। आप जोसेफ टाउन, अमलीडीह, रायपुर के निवासी हैं। आपकी शैक्षणिक योग्यता बीएससी, एमए (इतिहास, हिंदी, लोक प्रशासन), बीजेएमसी, एलएलबी और बीटीएच है।
- करियर और उपलब्धियां: आप भारत के स्वतंत्र वरिष्ठ खेल पत्रकार और टेलीविजन के लिए छत्तीसगढ़ के पहले अंतर्राष्ट्रीय खेल कमेंटेटर हैं। आप पिछले 47 वर्षों (1978 से) से प्रिंट मीडिया और 46 वर्षों से आकाशवाणी से जुड़े हैं। दूरदर्शन (DD Sports) के माध्यम से चौथी मिलिट्री वर्ल्ड गेम्स हैदराबाद 2007 सहित राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और कई अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में लाइव कमेंट्री करने वाले आप छत्तीसगढ़ के पहले कमेंटेटर हैं।
- लेखन और सम्मान: खेल पत्रकारिता पर आपकी 10 से अधिक पुस्तकें (जैसे ‘खेल धारा’, ‘खेल विचार’, ‘खेल पत्रकारिता’ आदि) प्रकाशित हो चुकी हैं। आपको छत्तीसगढ़ शासन के प्रतिष्ठित ‘शहीद विनोद चौबे सम्मान’ (2017-18), सिंगापुर साहित्य उत्सव में ‘मार्क टुली अंतरराष्ट्रीय कमेंटेटर सम्मान-2026’ सहित देश-विदेश की कई संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
नितेश छाबड़ा (प्रमुख खेल कमेंटेटर, लेखक एवं पत्रकार)
युवा और ऊर्जावान श्री नितेश छाबड़ा छत्तीसगढ़ के एक उभरते और बहुमुखी खेल हस्ती हैं, जो अपनी बेबाक और ऊर्जावान कमेंट्री के लिए जाने जाते हैं।
- परिचय व पृष्ठभूमि: 42 वर्षीय श्री नितेश छाबड़ा मूलतः कवर्धा (छत्तीसगढ़) के रहने वाले हैं। उन्होंने मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (MCA) की डिग्री प्राप्त की है। व्यवसाय से जुड़े होने के साथ-साथ उनका मुख्य झुकाव खेल पत्रकारिता और कमेंट्री की ओर रहा है।
- कमेंट्री और मीडिया अनुभव: श्री छाबड़ा को फैनकोड (FanCode), सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network), स्पोर्ट्स आई और विभिन्न प्रतिष्ठित यूट्यूब चैनल्स पर कमेंट्री करने का लंबा अनुभव है। उन्होंने छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग, महिला क्रिकेट टी20 इनविटेशनल कप, छत्तीसगढ़ फुटबॉल चैंपियंस लीग और इंटरझोनल वेटरन क्रिकेट लीग जैसे बड़े आयोजनों में अपनी आवाज़ का जादू बिखेरा है। इसके अलावा, आपने 2023 आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप फाइनल और 2026 टी20 विश्व कप फाइनल जैसे ग्लोबल क्रिकेट इवेंट्स को भी कवर किया है।
- प्रसारण और लेखन: आप 2023 से आकाशवाणी रायपुर के खेल कार्यक्रम ‘खेल संसार’ और दूरदर्शन रायपुर के ‘खेल खिलाड़ी’ का संचालन कर रहे हैं। नवभारत, नवप्रदेश और नेशनल स्पोर्ट्स टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित मीडिया समूहों में आपके 150 से अधिक आलेख और कवर स्टोरी प्रकाशित हो चुकी हैं।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का यह आयोजन केवल मैदानी प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ के हुनरमंद पेशेवर अब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स (जैसे JioHotstar) के जरिए वैश्विक पटल पर छाने लगे हैं। श्री जसवंत कुमार क्लाडियस के दशकों के अनुभव और श्री नितेश छाबड़ा की युवा ऊर्जा का यह अनूठा संगम छत्तीसगढ़ की खेल संस्कृति को एक नई ऊँचाई दे रहा है।

