“फाइट अगेंस्ट ड्रग्स” (Fight Against Drugs) और ‘राष्ट्रीय एकता दिवस-2026′ के तहत राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली का सिमगा नगर में भव्य स्वागत
सिमगा नगर में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पुलिस अधिकारियों द्वारा रैली का किया गया आत्मीय अभिनंदन
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आम नागरिकों और युवाओं को जागरूक करते हुए ‘नशे को ना, जिंदगी को हाँ’ का दिया गया संदेश
छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस के जवानों का यह काफिल विभिन्न राज्यों का भ्रमण करते हुए एकता नगर (गुजरात) के लिए हुआ रवाना
बलौदाबाजार-भाटापारा : राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर “नशा मुक्त भारत के लिए एकजुट कदम” और “फाइट अगेंस्ट ड्रग्स” की थीम पर छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली (National Motorcycle Rally-2026) आज दिनांक 18.10.2026 को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के सिमगा नगर पहुँची। इस महत्वपूर्ण अभियान का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशामुक्त बनाना तथा देश में एकता और सुरक्षा का संदेश देना है।
सिमगा नगर में भव्य स्वागत एवं जन जागरूकता कार्यक्रम:- पुलिस अधीक्षक गौरव राय के कुशल निर्देशन में मोटरसाइकिल रैली के सिमगा पहुँचने पर रॉयल ढाबा सिमगा के पास एक भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष, भाजपा आनंद यादव, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भागवत सोनकर एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थति अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन लाल सिन्हा, एसडीपीओ भाटापारा मयंक रणसिंह, थाना प्रभारी सिमगा परिवेश तिवारी द्वारा रैली में शामिल अधिकारियों और जवानों का पुष्पहार व आत्मीय स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के पश्चात उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नशे के भयानक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने अपील करते हुए कहा कि “नशा छोड़ो, ताकत चुनो”, “नशा छोड़ो, परिवार जोड़ो” और “नशा छोड़ो, अपना लक्ष्य चुनो” के संकल्प के साथ समाज को नशामुक्त बनाने में हर नागरिक अपनी सहभागिता निभाए। स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और मजबूत भारत के निर्माण के लिए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
रैली का रूट और सहभागिता:- यह राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल यात्रा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से होते हुए महासमुंद, रायपुर, सिमगा, बेमेतरा, कवर्धा तथा अन्य राज्यों का भ्रमण करते हुए अपनी मंजिल ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ एकता नगर (गुजरात) की ओर अग्रसर है। इस प्रेरणादायक मोटरसाइकिल यात्रा में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं ओडिशा पुलिस के वीर जवान संयुक्त रूप से पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ शामिल होकर नागरिकों को जागरूक कर रहे हैं। सिमगा नगर में अल्प विश्राम, स्वागत सत्कार और जन-जागरूकता संदेश के पश्चात यह मोटरसाइकिल रैली अगली कड़ी के तहत बेमेतरा जिले के लिए रवाना हुई। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

