जमीन विवाद ने लिया हिंसक मोड़, दुर्गा पंडाल से प्रसाद लेकर लौट रहे 77 वर्षीय बुजुर्ग के गले पर चाकू से हमला! रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा

जमीन विवाद ने लिया हिंसक मोड़, दुर्गा पंडाल से प्रसाद लेकर लौट रहे 77 वर्षीय बुजुर्ग के गले पर चाकू से हमला! रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा

जमीन विवाद में पडोसी ने वृद्ध पर चाकू से किया हमला, चक्रधरनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार

ग्राम बड़े रेगड़ा की घटना, चक्रधरनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के अपराध में आरोपी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

रायगढ़ : रायगढ़ जिले के थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े रेगड़ा में जमीन विवाद को लेकर पड़ोसियों के बीच हिंसक घटना सामने आई है। जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद में एक पड़ोसी ने 77 वर्षीय मनधर यादव के गले पर धारदार चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी नत्थूलाल अगरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को डायल 112 रायनो को ग्राम बड़े रेगड़ा में नत्थूलाल अगरिया द्वारा मनधर यादव के गले पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया। अस्पताल से सूचना प्राप्त होने पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी को मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां घायल के पुत्र रामकुमार यादव, उम्र 37 वर्ष, ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, 15 अक्टूबर की शाम करीब 6 से 7 बजे मंधर यादव गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान गांव के नत्थूलाल अगरिया ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया, जिससे उनके गले में कटने की चोट आई। घायल को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मंधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है तथा जमीन को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी विवाद के चलते उसने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से मंधर यादव के गले पर वार किया। पुलिस ने आरोपी नत्थूलाल अगरिया (57 साल) की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। घायल मनधर यादव की स्थिति सामान्य बताई गई है।

आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी एवं हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Crime