संवाद से समाधान कार्यक्रम के तहत पुलिस कमिश्नर ने दिव्यांग बच्चों से किया आत्मीय संवाद
बच्चों से सीखी साइन लैंग्वेज की बेसिक बातें, पुलिस कंट्रोल रूम एवं सिविल लाइन थाना का कराया शैक्षणिक भ्रमण
रायपुर : संवाद से समाधान कार्यक्रम के अंतर्गत आज पुलिस कमिश्नर रायपुर संजीव शुक्ला ने C-4 सभाकक्ष में अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल, राजेंद्र नगर, रायपुर में प्रशिक्षणरत बच्चों से आत्मीय मुलाकात की।
इस दौरान पुलिस कमिश्नर शुक्ला ने बच्चों से उनके प्रशिक्षण, स्कूलिंग एवं दैनिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों के साथ सहज संवाद करते हुए इशारों की भाषा (Sign Language) के संबंध में बेसिक बातें भी सीखीं और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को पुलिस कंट्रोल रूम एवं सिविल लाइन थाना का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। बच्चों ने पुलिस अधिकारियों के साथ बेहद कुशलता, आत्मविश्वास एवं परिपक्वता के साथ संवाद स्थापित किया तथा अपनी दैनिक गतिविधियों और रुचियों के बारे में जानकारी साझा की। बच्चों ने विशेष रूप से क्रिकेट एवं फिल्मों के प्रति अपनी रुचि के बारे में भी पुलिस अधिकारियों से बातचीत की।
इस अवसर पर डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल, अर्पण संस्था से जुड़े डॉ. राकेश पांडेय, संस्था की को-ऑर्डिनेटर श्रीमती सीमा छाबड़ा, प्रिंसिपल कमलेश शुक्ला , शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी एवं मीडिया के साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ संवाद और उनकी सहज, आत्मविश्वासपूर्ण एवं सकारात्मक अभिव्यक्ति ने पुलिस अधिकारियों को भी प्रभावित किया। नियमित दिनचर्या और पुलिसिंग की व्यस्तताओं के बीच बच्चों के साथ बिताया गया यह समय पुलिस अधिकारियों के लिए एक सुखद, आत्मीय एवं नई ऊर्जा और उत्साह से भर देने वाला अनुभव रहा।

