गुढ़ियारी क्षेत्रांतर्गत रामनगर स्थित लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का खुलासा
पुलिस उपायुक्त (क्राईम एवं साईबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप की सतत् मानिटरिंग में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा पुलिस चैकी रामनगर की संयुक्त कार्यवाही।
ज्वेलर्स दुकान की दीवार में छेद कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार।
घटना का मास्टर माइंड है आरोपी विशाल सचदेव।
आरोपियों ने दुकान की रेकी कर दिया था चोरी की वारदात को अंजाम।
आरोपियों ने 26-27 सितंबर की रात दीवार में किया था आधा छेद, 29-30 सितंबर की रात दोबारा पहुंचकर की चोरी।
आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की संपूर्ण मशरूका एवं घटना में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 14,51,700/- रुपये का सामान जप्त।
घटना में शामिल एक अन्य आरोपी है फरार, जिसकी पतासाजी एवं गिरफ्तारी के किये जा रहे है लगातार प्रयास।
आरोपियों के विरूद्ध थाना गुढियारी में अपराध क्रमांक 430/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस का अपराध किया गया है पंजीबद्ध।
रायपुर : प्रार्थी सुनील जैन ने थाना गुढियारी में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसकी रामनगर कर्मा चैक के पास लक्ष्मी विनायक नाम से ज्वेलर्स की दुकान है। प्रार्थी दिनांक 29.09.2026 की रात्रि में अपनी दुकान बंद कर घर चला गया था। दिनांक 30.09.2026 को प्रातः 10ः30 बजे दुकान खोलने आया और दुकान खोलकर अंदर प्रवेश किया, तो देखा कि दुकान के दाहिने तरफ की दीवार की प्लाई गिरी हुई थी, फर्नीचर बिखरा हुआ था तथा दीवार में बड़ा छेद दिखाई दे रहा था। दुकान के डिस्प्ले में रखे सोने एवं चांदी के आभूषण भी नहीं थे। कोई अज्ञात चोर दुकान की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश कर दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध थाना गुढियारी में अपराध क्रमांक 430/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
घटना को पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (उत्तर जोन) श्रीमती दीपमाला कश्यप द्वारा गंभीरता से लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा पुलिस चैकी रामनगर की संयुक्त टीम द्वारा प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों को आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पृथक-पृथक जिम्मेदारियां सौंपकर कार्य पर लगाया गया। पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर प्रार्थी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही दुकान में कार्यरत कर्मचारियों एवं आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्रित की गईं।
पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरों के हजारों फुटेज को बारीकी से खंगाला गया। फुटेज में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गतिविधियों का सूक्ष्मता से अवलोकन करते हुए उनके आवागमन एवं संभावित मार्गों का विश्लेषण किया गया। सीसीटीव्ही फुटेज से प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों का तकनीकी विश्लेषण करने के साथ-साथ तकनीकी माध्यमों से प्राप्त अन्य जानकारियों को भी आपस में जोड़कर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लगातार प्रयास किए गए।
प्रकरण में मुखबिर लगाने के साथ ही तरीका वारदात के आधार पर पूर्व में चोरी की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की जानकारी भी जुटाई गई। साथ ही हाल ही में जेल से रिहा हुए चोरी के आरोपियों की गतिविधियों एवं संभावित ठिकानों की जानकारी एकत्रित कर संदिग्धों को चिन्हांकित किया गया।
पुलिस टीमों द्वारा लगातार सीसीटीव्ही फुटेज के अवलोकन, तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त साक्ष्यों को आपस में जोड़ते हुए आरोपियों की पहचान करने में सफलता प्राप्त की गई। प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा विशाल सचदेव एवं सूरज ढीमर को पकड़ा गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर उक्त चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
घटना का मुख्य आरोपी विशाल सचदेव है। आरोपी ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री खोली थी, जिसके लिए उसने लाखों रुपये का कर्ज लिया था। फैक्ट्री के नहीं चलने से उसे आर्थिक नुकसान हुआ तथा कर्ज देने वाले व्यक्तियों द्वारा लगातार पैसों की मांग की जा रही थी। आर्थिक परेशानी के चलते आरोपी विशाल सचदेव ने अपनी फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर एवं एक अन्य के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। योजना के तहत आरोपियों द्वारा ज्वेलर्स की दुकानों की तलाश की गई तथा प्रार्थी की दुकान को निशाना बनाते हुए कुछ दिनों तक लगातार रेकी की गई। आरोपियों ने दिनांक 26-27.09.2026 की दरम्यानी रात्रि में दुकान की दीवार में आधा छेद किया व वापस लौट गए। इसके बाद दिनांक 29-30.09.2026 की दरम्यानी रात्रि में आरोपी पुनः दुकान के पास पहुंचे और पूर्व में किए गए छेद को बड़ा कर दुकान के अंदर प्रवेश किये तथा दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर घटना को अंजाम दिये।
आरोपी विशाल सचदेव एवं सूरज ढ़ीमर को गिरफ्तार कर निशानदेही पर कब्जे से चोरी की संपूर्ण मशरूका सोने के आभूषण कीमती 50,000/- रूपये, चांदी के आभूषण वजनी लगभग 3.5 किलोग्राम कीमती 7,91,700/- रूपये, आर्टिफिशियल आभूषण कीमती 10,000/- रूपये तथा घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार क्रमांक सी जी 04 एम टी 8303 व बिना नंबर एक्टिवा वाहन जुमला कीमती लगभग 14,51,700/- रूपये जप्त कर आरोपियों के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
प्रकरण में संलिप्त एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी पतासाजी कर गिरफ्तार करने के हर संभव प्रयास किये जा रहे है।
गिरफ्तार आरोपी-
01. विशाल सचदेव पिता लक्ष्मण दास सचदेव उम्र 38 साल निवासी रामली हवलाई गली के पीछे आरएस बर्फ फैक्ट्री थाना आजाद चैक रायपुर।
02. सूरज ढ़ीमर पिता पुना लाल ढ़ीमर उम्र 32 साल निवासी ग्राम सुनवानी थाना मझोली जिला जबलपुर (म.प्र.)। हाल पता – ग्राम बेलसुण्डा थाना कोतवाली जिला महासमुंद।

