रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सुरक्षित स्वास्थ्य की पहल: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने चलाया विशेष पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान, विभिन्न स्थलों से नमूने लेकर स्वच्छता व जल व्यवस्था की हुई सघन जांच

रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सुरक्षित स्वास्थ्य की पहल: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने चलाया विशेष पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान, विभिन्न स्थलों से नमूने लेकर स्वच्छता व जल व्यवस्था की हुई सघन जांच

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायगढ़ स्टेशन पर विशेष पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान

यात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की पेयजल गुणवत्ता की जांच

बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 01 अक्टूबर 2026 को रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर विशेष पेयजल गुणवत्ता जांच अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता की जांच के साथ-साथ पेयजल स्थलों एवं संबंधित व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।

यह अभियान महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन तथा प्रधान मुख्य चिकित्सा निदेशक के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर विभिन्न पेयजल स्थलों से नमूने एकत्रित कर उनकी गुणवत्ता की जांच की गई। जांच के दौरान पेयजल की गुणवत्ता को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

पेयजल परीक्षण के साथ ही स्टेशन पर पेयजल स्थलों की स्वच्छता, जल वितरण व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता तथा यात्रियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पेयजल की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों पर उपलब्ध पेयजल की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाती है। स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल यात्रियों की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से परीक्षण एवं निगरानी की जा रही है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों को बेहतर, स्वच्छ एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी विशेष अभियानों का आयोजन किया जाता है। इन अभियानों के माध्यम से विभिन्न स्टेशनों पर पेयजल गुणवत्ता, स्वच्छता एवं यात्रियों से संबंधित सुविधाओं की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।

Chhattisgarh