स्वच्छता पखवाड़ा : स्वच्छ भारत दिवस एवं एक पेड़ माँ के नाम थीम पर स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी एवं पौधारोपण के माध्यम से दिया स्वच्छता का संदेश
ओल्ड रेल क्लब बिलासपुर में एक पेड़ मां के नाम थीम पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, सेक्रो अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी शर्मा सहित अधिकारियों द्वारा किया गया वृक्षारोपण।
बिलासपुर : रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026’ अभियान के अंतर्गत दिनांक 01 से 15 अक्टूबर 2026 तक “स्वच्छता पखवाड़ा” मनाया जा रहा है। पखवाड़े के दौरान प्रतिदिन निर्धारित थीम के अनुरूप रेलवे परिसरों में स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण एवं जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
ओल्ड ऑफिसर क्लब में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मुख्य आतिथ्य में स्वच्छता शपथ के साथ ,एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत वृहद वृक्षारोपण
स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्वच्छता शपथ एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम के पर ओल्ड ऑफिसर क्लब, बिलासपुर परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश द्वारा उपस्थित सभी को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात् महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, सेक्रो अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित विभागाध्यक्षों, शाखाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया।
पौधारोपण के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ हरित एवं पर्यावरण अनुकूल रेलवे परिसर विकसित करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।
इस दौरान रेलवे स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता विषय पर आधारित आर्ट, क्राफ्ट एवं पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई गई । विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ भारत के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
यांत्रिक विभाग द्वारा ‘कबाड़ से जुगाड़’ की थीम पर तैयार की गई आकर्षक एवं उपयोगी कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसका महाप्रबंधक द्वारा अवलोकन किया गया। महाप्रबंधक द्वारा इन दोनों रचनात्मक प्रदर्शनी की प्रशंसा की गई।
इसी कड़ी में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बिलासपुर परिसर में मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से तितली चौक होते हुए ओल्ड ऑफिसर क्लब तक प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान स्लोगन, पोस्टर एवं स्वच्छता संदेशों के माध्यम से राहगीरों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। प्रभात फेरी में मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही खेल संघ, सिविल डिफेंस, भारत स्काउट एंड गाइड, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, नागरिक सुरक्षा दल तथा रेलवे स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में भी चला स्वच्छता जागरूकता अभियान
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीनों एल मंडलों बिलासपुर, रायपुर एवं नागपूर के सभी कार्यालयों, स्टेशनों, वर्कशॉप, कोचिंग डिपो, गुड्स शेड आदि में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। संबंधित कार्यालय प्रमुखों द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता के प्रति सजग रहने तथा अपने कार्यस्थल एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
इसके साथ ही सभी प्रमुख स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में प्रभात फेरी एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रभात फेरियों के माध्यम से रेलवे कॉलोनियों के निवासियों, यात्रियों एवं आम नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने, स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

