डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह की संवेदनशीलता एवं निर्देश पर प्राथमिकता से पूर्ण कराई गई अनुकंपा नियुक्ति की विभागीय प्रक्रिया
स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम की पत्नी एवं स्वर्गीय आरक्षक बलपंथ राम के पुत्र को आरक्षक जीडी के पद पर मिली अनुकंपा नियुक्ति
जशपुर पुलिस परिवार ने नव-नियुक्त आरक्षकों को हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन का दिया भरोसा
जशपुर : जशपुर पुलिस अपने कर्तव्यों के निर्वहन के साथ-साथ पुलिस परिवार के कल्याण एवं उनके आश्रित परिजनों के प्रति मानवीय संवेदनशीलता के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रित परिजनों को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति विशेष संवेदनशीलता रखते हुए उनके आश्रितों की अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित विभागीय कार्यवाही को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। उनके निर्देशों के अनुरूप संबंधित विभागीय प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कर दोनों आश्रितों को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई।
स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम के परिवार को मिला संबल
स्वर्गीय जगलाल राम, आरक्षक क्रमांक 302, की पुलिस विभाग में भर्ती दिनांक 25.10.2009 को हुई थी। उनके निधन के पश्चात उनके परिवार को संबल प्रदान करने एवं परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में उनकी पत्नी श्रीमती प्रियंका भगत को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।
स्वर्गीय आरक्षक बलपंथ राम के पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति
इसी प्रकार स्वर्गीय बलपंथ राम, आरक्षक क्रमांक 441, की पुलिस विभाग में भर्ती दिनांक 04.04.2007 को हुई थी। उनके निधन के पश्चात उनके परिवार के हित को ध्यान में रखते हुए उनके पुत्र टीकेश रवि को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।
पुलिस परिवार ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी/ कर्मचारी व उनके परिजन एक परिवार की तरह हैं। विभाग के किसी सदस्य के असमय निधन से उसके परिवार पर आने वाली कठिन परिस्थितियों में पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य आश्रित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करते हुए उन्हें आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। इस दौरान पुलिस कप्तान ने उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी दी।


