महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया चांपा–रायगढ़ रेलखंड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण
निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर उच्च गुणवत्ता, यात्री सुविधा एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
बिलासपुर : दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने आज बिलासपुर मंडल के चांपा–बाराद्वार–रायगढ़ रेलखंड का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्टेशनों, रेलखंडों एवं महत्वपूर्ण संरचनाओं का गहन निरीक्षण करते हुए रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं, स्टेशन विकास, निर्माण कार्यों एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक श्री राकेश रंजन सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
चांपा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का निरीक्षण
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने चांपा स्टेशन पहुंचकर स्टेशन परिसर की विभिन्न यात्री एवं परिचालन सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नवनिर्मित ट्रैक मशीन रेस्ट हाउस तथा रेलवे कॉलोनी में बाल उद्यान का शुभारंभ किया। ट्रैक मशीन रेस्ट हाउस में महाप्रबंधक तथा अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।साथ ही रेलवे कॉलोनी में स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने स्टेशन परिसर, पार्सल कार्यालय, सफाई व्यवस्था, आरपीएफ पोस्ट एवं बैरक, स्वास्थ्य इकाई, ARME स्केल-II, प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम तथा सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों ने उनसे मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से यात्री सुविधा विकास, रेल सुरक्षा, संरक्षा एवं निर्माण परियोजनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
इसके बाद महाप्रबंधक ने आरओबी संख्या 337 तथा चांपा–सारागांव रोड स्टेशनों के मध्य स्थित माइनर ब्रिज संख्या 51 एवं रेल अंडरब्रिज संख्या 53A (LHS) का निरीक्षण कर संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बाराद्वार स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा
बाराद्वार स्टेशन पर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे यात्री सुविधा एवं स्टेशन उन्नयन कार्यों का अवलोकन किया तथा स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही इन-मोशन वे-ब्रिज की कार्यप्रणाली एवं इसके माध्यम से मालगाड़ियों के रैक के वजन मापन की प्रक्रिया का अवलोकन किया।
सक्ती–झाराडीह रेलखंड पर स्पीड ट्रायल
सक्ती स्टेशन पर महाप्रबंधक ने ऑटो हट, एसएसपी एवं विद्युत उपकरणों का निरीक्षण किया तथा ड्रोन एवं रिमोट के माध्यम से उनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया। इसके पश्चात सक्ती एवं झाराडीह स्टेशनों के मध्य रेलखंड पर स्पीड ट्रायल किया गया। इस दौरान निर्धारित गति पर रेल परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं एवं संरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया।
महाप्रबंधक महोदय ने झाराडीह स्टेशन यार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यार्ड में स्थित सभी पॉइंट्स का बारीकी से जायजा लेते हुए उनकी स्थिति, कार्यप्रणाली एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया । साथ ही रेलवे कॉलोनी का भी उन्होंने निरीक्षण किया।
खरसिया स्टेशन पर रनिंग रूम एवं क्रू लॉबी का निरीक्षण
खरसिया स्टेशन पर महाप्रबंधक ने रनिंग रूम, क्रू लॉबी एवं स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। क्रू लॉबी एवं रनिंग रूम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोको पायलट एवं अन्य रनिंग स्टाफ से संवाद कर संरक्षा संबंधी विषयों तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने गैंग संख्या 13 के कर्मचारियों से भी संवाद कर कार्यस्थल की चुनौतियों, संरक्षा सावधानियों एवं उपलब्ध संसाधनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद खरसिया–रॉबर्टसन के मध्य डाउन लाइन पर स्थित कर्व संख्या 35 का बारीकी से निरीक्षण किया। रॉबर्टसन स्टेशन पहुंचकर उन्होंने यार्ड रीमॉडलिंग एवं अन्य संरचनात्मक कार्यों की प्रगति के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
महत्वपूर्ण रेल संरचनाओं एवं लेवल क्रॉसिंग का निरीक्षण
महाप्रबंधक ने रॉबर्टसन–भूपदेवपुर के मध्य स्थित एसईजे संख्या KD01 एवं मांड नदी पर बने ब्रिज का गहन संरक्षा निरीक्षण किया। साथ ही भूपदेवपुर–किरोड़ीमलनगर के मध्य स्थित समपार संख्या 297 का जायजा लिया तथा गेटमैन की कार्यप्रणाली एवं संरक्षा संबंधी सावधानियों का मूल्यांकन किया।
रायगढ़ स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण के अंतिम चरण में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश रायगढ़ स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित की जा रही यात्री सुविधाओं एवं विभिन्न निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
रायगढ़ स्टेशन पर भी महाप्रबंधक ने जनप्रतिनिधियों, ट्रेड यूनियन, व्यापारी संघ के सदस्यों से वार्ता किए। साथ ही उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर यात्री सुविधा विकास, रेल सुरक्षा एवं संरक्षा तथा विभिन्न निर्माण परियोजनाओं के संबंध में जानकारी साझा की।


