नगर पालिका कार्यालय में घुसकर कर्मचारी से मारपीट, पत्थर से सिर पर किया वार
शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौच एवं जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जांजगीर चांपा : जिले के अकलतरा नगर पालिका परिषद अकलतरा के कार्यालय में घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट करने तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
मामले का विवरण दिनांक 15 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे नगर पालिका कार्यालय में कर्मचारी अपने शासकीय कार्य पर उपस्थित था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 अकलतरा निवासी मनोज कुमार टण्डन शराब के नशे में कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच एवं मारपीट करने लगा। आरोपी द्वारा शासकीय दस्तावेजों को भी फाड़ दिया गया तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई। इसके बाद आरोपी दोबारा कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से यह कहते हुए विवाद करने लगा कि उसके विरुद्ध रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गाली- गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और सामने पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना अकलतरा में आरोपी के विरुद्ध धारा 121(1), 221, 132, 296, 351 (3), 115 (2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
थाना अकलतरा पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी के अकलतरा क्षेत्र में घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
गिरफ्तार आरोपी – मनोज कुमार टण्डन, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक अकलतरा को
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया सहित थाना अकलतरा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


