जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस अब जनादेश पर ही उठा रही सवाल : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के आरोपों पर किया पलटवार – चुनाव जीतें तो व्यवस्था सही, हारें तो ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल, यह कांग्रेस का दोहरा रवैया
पंजाब से किक आउट हुए भूपेश पहले अपनी चिंता करें – सीएम साय
रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों और छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में भाजपा की जीत पर लगाए गए प्रश्नचिन्ह पर पलटवार करते हुए कहा है कि देश की जनता का विश्वास खो चुकी कांग्रेस चुनावी पराजय के बाद अपनी नीतियों, नेतृत्व और कार्यशैली पर आत्ममंथन करने के बजाय हर बार हार का कोई नया बहाना तलाशती है। यदा-कदा चुनाव जीतने पर उन्हें ईवीएम दुरुस्त नजर आती है, मगर चुनाव हारते ही कभी ईवीएम पर ठीकरा फोड़ते हैं तो कभी एसआईआर पर। अब राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए हैं। श्री साय पत्रकारों के प्रश्नों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे ।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए तथा लोकसभा और विधानसभा चुनावों में कथित गड़बड़ियों का दावा किया, जिसमें उन्होंने मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनाव का भी हवाला दिया था।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि लोकतंत्र में हार और जीत स्वाभाविक है। जनता जिस दल को जनादेश देती है, उसे सरकार चलाने की जिम्मेदारी मिलती है और जिसे जनादेश नहीं मिलता, उसे जनता के बीच जाकर अपना विश्वास पुनः अर्जित करना चाहिए। चुनाव परिणामों पर बार-बार संदेह जताने से कांग्रेस को जनता का विश्वास वापस नहीं मिलेगा। इसके लिए उसे अपनी नीतियों और कार्यशैली पर गंभीरता से विचार करना होगा।
छत्तीसगढ़ में भाजपा की नवनियुक्त प्रभारी श्रीमती स्मृति ईरानी पर विपरीत टिप्पणी किए जाने के संदर्भ में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने भूपेश बघेल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भूपेश बघेल पहले अपनी चिंता कर लें। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को पंजाब की जनता ने “किक आउट” किया है।


