श्रीमती स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
श्रीमती स्मृति ईरानी के दीर्घ राष्ट्रीय अनुभव और संगठन के प्रति समर्पण से छत्तीसगढ़ में संगठन एवं जनसेवा के संकल्प को मिलेगी और मजबूती – मुख्यमंत्री श्री साय
श्री सिद्धार्थ शम्भू को छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी बनाए जाने पर भी मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
छत्तीसगढ़ की विधायक श्रीमती गोमती साय को गुजरात और श्री सौरभ सिंह को झारखंड भाजपा का सह-प्रभारी बनाए जाने पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया है कि श्रीमती स्मृति ईरानी का दीर्घकालिक राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा तथा संगठन के प्रति समर्पण निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में संगठन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने श्री सिद्धार्थ शम्भू को छत्तीसगढ़ भाजपा के सह-प्रभारी का दायित्व मिलने पर भी बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सक्रिय सहभागिता से प्रदेश में संगठनात्मक कार्यों को और गति मिलेगी। भाजपा की ओर से जारी नियुक्तियों में श्रीमती स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रभारी और श्री सिद्धार्थ शम्भू को सह-प्रभारी बनाया गया है।
छत्तीसगढ़ के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलना प्रसन्नता का विषय
मुख्यमंत्री श्री साय ने पत्थलगांव विधायक एवं रायगढ़ की पूर्व सांसद श्रीमती गोमती साय को गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर भी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। गुजरात में श्री तरुण चुघ को प्रदेश प्रभारी तथा श्री अजय महावर और श्रीमती गोमती साय को सह-प्रभारी का दायित्व दिया गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में श्रीमती गोमती साय का सार्वजनिक जीवन में लंबा अनुभव रहा है। उन्हें विश्वास है कि उनके सुदीर्घ अनुभव और जनसेवा के प्रति समर्पण का लाभ गुजरात में संगठन को मिलेगा तथा वे इस नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री सौरभ सिंह को झारखंड भाजपा का सह-प्रभारी बनाए जाने पर भी बधाई दी। भाजपा की नई संगठनात्मक नियुक्तियों में झारखंड के लिए श्री गजेंद्र पटेल को प्रभारी तथा श्री सौरभ सिंह और श्रीमती निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री सौरभ सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी संगठनात्मक क्षमता और सक्रिय कार्यशैली से झारखंड में संगठनात्मक कार्यों को नई गति मिलेगी।


