तस्कर दो पिक-अप वाहन में कर रहे थे गौ वंशों की तस्करी, मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्रांतर्गत का.
पुलिस ने गौ सेवकों के सहयोग से रात्रि में चापाटोली के पास तस्करों को धर दबौचा
आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध.
नाम गिरफ्तार आरोपी –
1. आर्यन उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम आगडीह महुआ टोली, थाना सिटी कोतवाली जशपुर,जिला जशपुर छग,
2. राकेश राम उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम पैकू थाना सिटी कोतवाली जशपुर, जिला जशपुर छ.ग.
मामले में पुलिस ने तस्करी में संलिप्त दो पिक-अप वाहन क्रमांक JH 07M 9843 व CG 13BB 8096 को भी किया जप्त.
पुलिस ने तस्करी में संलिप्त अन्य आरोपीयों को भी कर लिया है चिन्हित, जो कि घटना के बाद से हैं फरार, पुलिस कर रही है लगातार पतासाजी.
जशपुर/कुनकुरी : जशपुर में गौ-वंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन शंखनाद के तहत 08 गौ-वंशों को तस्करों के चंगुल से सकुशल मुक्त कराया। चापाटोली के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस और गौ सेवकों की संयुक्त सतर्कता से एक पिक-अप वाहन में सवार दो आरोपियों को पकड़ा गया, जबकि दूसरा वाहन छोड़कर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले का विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 21.09.2026 की रात्रि में सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुनकुरी की ओर से दो संदिग्ध पिक-अप वाहन में भारी मात्रा में गौ-वंशों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया है, जिसे कि जशपुर होते हुए झारखंड राज्य की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस के द्वारा सूचना के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराते हुए, पुलिस कप्तान जशपुर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन व एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह के नेतृत्व में त्वरित कार्यवाही कर रात्रि लगभग 12:00 से 01:00 बजे के मध्य, चांपा टोली जशपुर के पास हाइवे में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान गौ सेवक भी पुलिस के साथ थे, तभी कुनकुरी की ओर से एक संदिग्ध पिक-अप वाहन JH 07M 9843 आता दिखाई देने पर पुलिस के द्वारा उक्त संदिग्ध वाहन को रोका गया, जिसमें की दो संदिग्ध बैठे मिले, पूछताछ पर पिक-अप में बैठे संदिग्धों ने अपना नाम, क्रमशः आर्यन उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम आगडीह महुआटोली व राकेश राम उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम पैकु थाना सिटी कोतवाली जशपुर का निवासी होना बताया गया।

पुलिस के द्वारा जब संदिग्ध पिक-अप की तलाशी ली गई, तो उसमें चार नग गौ-वंशों को लोड किया गया था, पुलिस के द्वारा जब संदिग्धों से उक्त गौ-वंशों के संबंध में वैध दस्तावेज की मांग की गई तो उनके द्वारा कोई वैध दस्तावेज नहीं दिया जा सका, जिस पर पुलिस के द्वारा दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के द्वारा जब उक्त कार्यवाही की जा रही थी, इसी दौरान पीछे कुछ दूरी पर एक और संदिग्ध पिक-अप वाहन क्रमांक CG 13BB 8096 के चालक के द्वारा पुलिस की देखकर उक्त पिक-अप वाहन को छोड़कर, अंधेरे व जंगल का फायदा उठाते हुए वह फरार हो गया, पुलिस के द्वारा उक्त फरार संदिग्ध आरोपी की पता साजी की जा रही है। पुलिस के द्वारा जब उक्त संदिग्ध वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें भी चार नग गौ-वंशों को भरा गया था, पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए मौके से कुल 08 नग गौ-वंशों को सकुशल बरामद किया गया है।
मामले में पुलिस के द्वारा आरोपियों के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली जशपुर में छ ग कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है।
विवेचना के दौरान आरोपियों से पूछताछ में आरोपियों के द्वारा अपराध स्वीकार करने व पर्याप्त सबूत पाए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पकड़े गए आरोपी तस्करों की निशानदेही पर पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को भी चिन्हित कर लिया है, जिनकी पतासाजी जारी है, जिन्हें भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जावेगा।
इस प्रकरण की कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, पीएसआई जितेंद्र, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक राम प्रताप यादव, नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


