वर्क फ्रॉम होम के झांसे से फिशिंग लिंक तक, साइबर ठगों के नए हथकंडों पर पुलिस की नजर; सरगुजा में युवाओं-वरिष्ठ नागरिकों को किया गया जागरूक

वर्क फ्रॉम होम के झांसे से फिशिंग लिंक तक, साइबर ठगों के नए हथकंडों पर पुलिस की नजर; सरगुजा में युवाओं-वरिष्ठ नागरिकों को किया गया जागरूक

सरगुजा पुलिस के ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत प्रजापति ब्रम्हा कुमारी संस्थान, आईसेक्ट कंप्यूटर सेंटर एवं लाइवलीहुड कॉलेज में आयोजित हुए वृहद जागरूकता कार्यक्रम।

अम्बिकापुर : डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में सरगुजा पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान।

110 से अधिक युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों, 150 वरिष्ठ नागरिकों ने साइबर सुरक्षा व ऑनलाइन जॉब फ्रॉड से बचाव के सीखे गुर।

फर्जी नौकरी के लुभावने ऑफर, वर्क फ्रॉम होम फ्रॉड और अज्ञात लिंक/फिशिंग से सावधान रहने की दी गई विस्तृत जानकारी।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के मार्गदर्शन में सरगुजा पुलिस द्वारा जिले में व्यापक ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के पाँचवें सप्ताह (13 से 19 सितंबर 2026) के अंतर्गत कुशल, अकुशल, रोजगार सृजन केंद्रों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के युवाओं व श्रमिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सरगुजा पुलिस टीम द्वारा प्रजापति ब्रम्हा कुमारी संस्थान, आईसेक्ट, आईसेक्ट कंप्यूटर सेंटर एवं लाइवलीहुड कॉलेज में विशाल साइबर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

ऑनलाइन जॉब फ्रॉड और फर्जी भर्ती एजेंसियों के प्रति किया गया सतर्क

​पुलिस टीम द्वारा रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं, छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों के नए तरीकों के बारे में विस्तार से समझाया गया।

​फर्जी नौकरी के विज्ञापन व पार्ट-टाइम जॉब ऑफर:- सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या मैसेज पर मिलने वाले घर बैठे कमाई करें” (Work From Home) जैसे लुभावने ऑफर्स से सतर्क रहने की सलाह दी गई।

​रजिस्ट्रेशन व वेरिफिकेशन शुल्क के नाम पर ठगी:- स्पष्ट किया गया कि कोई भी प्रामाणिक कंपनी नौकरी देने या इंटरव्यू के नाम पर पहले पैसे, सिक्योरिटी डिपॉजिट या प्रोसेसिंग फीस की मांग नहीं करती।

फिशिंग लिंक व संदिग्ध APK ऐप्स:- अनजान नंबरों से आए संदिग्ध लिंक्स (Links) पर क्लिक न करने तथा अनधिकृत सोर्स से कोई भी ऐप डाउनलोड न करने की कड़ी हिदायत दी गई।

कार्यक्रम में प्रजापति ब्रम्हा कुमारी संस्थान से बीके विद्या दीदी जी, खिलानंद जी, पूर्णिमा दीदी जी, अन्य कार्यक्रमों में परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता, प्राचार्य नम्रता पाण्डेय, आईसेक्ट कंप्यूटर सेंटर एवं लाईवलीहुड कॉलेज के प्रबंधक, शिक्षकगण, नवा बिहान टीम तथा लगभग 110 से अधिक छात्र-छात्राएं व युवा, 150 से अधिक वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

सरगुजा ​पुलिस व नवा बिहान की टीम रही सक्रिय

​कार्यक्रम में नवा बिहान की ओर से मंगल पांडे, अजय तिवारी एवं संतोष दास, अनिल मिश्रा, श्रीमती हीना खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं सरगुजा पुलिस टीम से उप निरीक्षक अभय तिवारी, सायबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, साइबर एक्सपर्ट आरक्षक अनुज जायसवाल, अमन पुरी, राहुल केरकेट्टा एवं अविनाश पासवान की सक्रिय सहभागिता रही।

सरगुजा पुलिस की अपील

सरगुजा पुलिस आम नागरिकों, युवाओं एवं छात्र-छात्राओं से अपील करती है कि किसी भी अनजान व्यक्ति, कॉल या संस्थान को बिना जांच-परख के अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड या ओटीपी (OTP) साझा न करें। यदि किसी के साथ साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो वे तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

Chhattisgarh