हाई रिस्क गर्भावस्था के बीच दंतेवाड़ा अस्पताल में खुशियों की तिगुनी दस्तक! महिला ने सामान्य प्रसव से तीन बेटों को दिया जन्म, समय पर रेफरल बना मददगार

हाई रिस्क गर्भावस्था के बीच दंतेवाड़ा अस्पताल में खुशियों की तिगुनी दस्तक! महिला ने सामान्य प्रसव से तीन बेटों को दिया जन्म, समय पर रेफरल बना मददगार

एक साथ गूंजी तीन किलकारियां, सामान्य प्रसव से जन्मे तीन बेटे

दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में हाई रिस्क ट्रिपलेट डिलीवरी, कटेकल्याण से समय पर रेफरल ने आसान किया प्रसव प्रबंधन

रायपुर  : दंतेवाड़ा जिला अस्पताल के प्रसव कक्ष में बुधवार को एक साथ तीन किलकारियां गूंजीं। कटेकल्याण क्षेत्र की हाई रिस्क गर्भवती ने सामान्य प्रसव से तीन बेटों को जन्म दिया। दोपहर करीब 3 से 3.30 बजे के बीच हुए प्रसव में तीनों नवजातों का वजन 1870, 1875 और 1750 ग्राम रहा। जन्म के बाद तीनों की स्थिति स्थिर बताई गई है। कम वजन को देखते हुए उन्हें विशेष निगरानी के लिए एसएनसीयू में भर्ती किया गया है।

इस मामले में गर्भावस्था के दौरान ही महिला की स्थिति को हाई रिस्क के रूप में चिन्हांकित कर लिया गया था। कटेकल्याण की स्वास्थ्य टीम महिला के नियमित संपर्क में रही। समय-समय पर सोनोग्राफी कराई गई और मितानिन के माध्यम से फॉलोअप किया गया। साथ ही आयरन और कैल्शियम की गोलियों के नियमित सेवन के लिए भी महिला को प्रेरित किया गया। प्रसव का समय नजदीक आने पर स्वास्थ्य टीम ने महिला को समय रहते दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया। अस्पताल पहुंचने के बाद Obstetrics एवं Gynaecology टीम ने प्रसव की जिम्मेदारी संभाली। तीनों नवजातों के जन्म के बाद Pediatrics एवं SNCU टीम ने तत्काल उनकी देखभाल शुरू कर दी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने कहा कि यह मामला हाई रिस्क गर्भावस्था की समय पर पहचान, नियमित फॉलोअप, उचित रेफरल और अस्पताल में विशेषज्ञ टीमों के समन्वय का उदाहरण है। उन्होंने कटेकल्याण स्वास्थ्य टीम सहित जिला अस्पताल की Obstetrics एवं Gynaecology, Pediatrics और SNCU टीम को बधाई दी। तीनों नवजात पुत्र हैं। बच्चों के पिता दुर्गाराम वेट्टी, बांदीपारा, ग्राम परचेली, विकासखंड कटेकल्याण, जिला दंतेवाड़ा के निवासी हैं। एक साथ तीन बेटों के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है।

Chhattisgarh