अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का भव्य समापन, रोमांचक फाइनल में कुतुल नाइट राइडर्स बनी चैंपियन
5-5 पॉइंट की बराबरी के बाद निर्णायक मुकाबले में कुतुल नाइट राइडर्स ने मारी बाजी, हांडावाड़ा रैकेटियर्स रही उपविजेता
नारायणपुर : अबूझमाड़ में खेल, एकता और सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिखने वाली अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का कल दिनांक 12 सितंबर 2026 को आर.के.एम. इंडोर स्टेडियम, रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर में भव्य समापन हुआ। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, रोमांचक मुकाबलों और खेल भावना ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल एवं रामकृष्ण मिशन आश्रम, नारायणपुर के सचिव स्वामी व्याप्तानंद जी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी, टीम मालिक एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अबूझमाड़ में खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ आपसी विश्वास, भाईचारे और टीम भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही हैं। अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग इसी सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
रोमांचक फाइनल में कुतुल नाइट राइडर्स बनी विजेता
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का फाइनल मुकाबला कुतुल नाइट राइडर्स और हांडावाड़ा रैकेटियर्स के बीच खेला गया। फाइनल मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के निर्धारित नियमों के अनुसार विजेता का निर्धारण 6 अलग-अलग श्रेणियों में खेले गए 6 मैचों के पॉइंट्स के आधार पर किया जाना था। फाइनल में सभी 6 श्रेणियों के मुकाबले खेले जाने के बाद दोनों टीमों के 5-5 पॉइंट्स हो गए और मुकाबला बराबरी पर रहा।
ऐसी स्थिति में निर्धारित नियम के अनुसार दोनों टीमों के दो सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच निर्णायक मुकाबला कराया गया। इस रोमांचक निर्णायक मुकाबले में जीत हासिल करते हुए कुतुल नाइट राइडर्स ने
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 का खिताब अपने नाम किया, जबकि हांडावाड़ा रैकेटियर्स उपविजेता रही।
ABL Season-3 के विजेता
विजेता – कुतुल नाइट राइडर्स
ओनर – अभिजीत शिल एवं डॉ. नवीन कोठारे
प्रथम उपविजेता – हांडावाड़ा रैकेटियर्स
ओनर – पवन सुराना एवं सतीश अग्रवाल
द्वितीय उपविजेता – गरपा जायंट्स
ओनर – लय जैन
टूर्नामेंट के छह सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
ABL Season-3 में शानदार प्रदर्शन करने वाले छह खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के रूप में चुना गया—
हांडावाड़ा रैकेटियर्स – आयुष माखीजा, रायपुर
फरसबेड़ा डिफेंडर्स – श्रेयांश सिन्हा, नारायणपुर
तूलार टाइटन्स – कौशलेन्द्र, सुकमा
गरपा जायंट्स – आर्यन सिंह, बिलासपुर
कुतुल नाइट राइडर्स – अंकुर पांडेय, जगदलपुर
कछपाल ब्लास्टर्स – मानस भट्टाचार्य, बिलासपुर
वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता में निरीक्षक से पुलिस महानिरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने दिखाया दम
आयोजन के तीसरे दिन वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में निरीक्षक से लेकर पुलिस महानिरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस एवं विभिन्न सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों की कुल 8 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में वरिष्ठ अधिकारियों ने एक साथ कोर्ट पर उतरकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान खेल भावना, आपसी सौहार्द, समन्वय एवं टीम भावना का शानदार परिचय देखने को मिला।
प्रतियोगिता में शामिल 8 टीमें—
1. बी.एन. मीणा, पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज एवं निखिल राखेचा, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक कांकेर
2. संदीप पटेल, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक नारायणपुर एवं सुमित धोत्रे, सीएसपी जगदलपुर
3. कमलोचन कश्यप, डीआईजी एवं वीरेंद्र चंद्र, निरीक्षक
4. अक्षय साबद्रा, आईपीएस एवं वेंकटेश एम.जी., डीएफओ नारायणपुर
5. अजय कुमार, आईपीएस एवं मोहसिन खान, रक्षित निरीक्षक
6. अरुण, कमांडेंट 28वीं बटालियन एसएसबी एवं सुमित हरित, डिप्टी कमांडेंट 33वीं बटालियन एसएसबी
7. राजीव गुप्ता, कमांडेंट 45वीं बटालियन आईटीबीपी एवं कपिल, असिस्टेंट कमांडे
8. पारिश देशमुख, डीआईजी बीएसएफ एवं अनिल कुमार, 129वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी
डीआईजी बीएसएफ की टीम ने जीता वीर स्मृति का खिताब
वीर स्मृति बैडमिंटन प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों में पारिश देशमुख, डीआईजी बीएसएफ एवं अनिल कुमार, 129वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि कमलोचन कश्यप, डीआईजी एवं वीरेंद्र चंद्र, निरीक्षक की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि निरीक्षक से लेकर पुलिस महानिरीक्षक स्तर तक के अधिकारियों ने एक साथ कोर्ट पर उतरकर प्रतियोगिता में भागीदारी की। वरिष्ठ अधिकारियों की इस सहभागिता ने आयोजन को विशेष बनाया और पुलिस एवं सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय, आपसी सौहार्द एवं टीम भावना का संदेश दिया।
खेल से विश्वास, विश्वास से सकारात्मक बदलाव की ओर अबूझमाड़
समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल (आईपीएस) ने कहा कि “शांति, खेल और समृद्धि” की भावना के साथ आयोजित अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग ने खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ-साथ युवाओं में सकारात्मक सोच, अनुशासन, आपसी सहयोग और टीम भावना को बढ़ावा दिया है। ऐसे आयोजन अबूझमाड़ में खेल के माध्यम से विश्वास और विश्वास के माध्यम से सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराकर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में ले जाना ही इस प्रकार के आयोजनों का उद्देश्य है।
अबूझमाड़ बैडमिंटन लीग सीजन-3 ने तीन दिनों तक खेल, उत्साह और सौहार्द का शानदार वातावरण निर्मित किया। कल हुए भव्य समापन के साथ आयोजन ने खेल, विश्वास और सकारात्मक बदलाव का संदेश अबूझमाड़ से पूरे क्षेत्र तक पहुंचाया।


